रेवाड़ी में जितेंद्र हत्याकांड का खुलासा: दोस्त ने भतीजे संग मिलकर किया मर्डर, इस वजह से दिया वारदात को अंजाम

punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 03:35 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : गांव कमालपुर निवासी जितेंद्र हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पत्नी से अवैध संबंध होने के शक में उसके दोस्त प्रवीन उर्फ पपला ने अपने भतीजे अमन कुमार के साथ मिलकर जितेंद्र की लोहे की रॉड से हत्या की थी। सीआईए रेवाड़ी और थाना मॉडल टाउन पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

PunjabKesari

एएसपी दीपिका अग्रवाल ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 7 सितंबर को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) रिफाइनरी के पास भाड़ावास जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। मृतक के सिर पर भारी वस्तु से चोट के निशान मिले थे। मृतक की पहचान कमालपुर निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र के रूप में हुई थी। मृतक के चाचा उत्तम सिंह के बयान पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने प्रवीन उर्फ पपला सहित एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर प्रवीन उर्फ पपला और अमन कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में प्रवीन ने बताया कि उसे शक था कि जितेंद्र के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई। उसने जितेंद्र को बीयर पार्टी के बहाने बुलाया। बाद में वह अपने भतीजे अमन को साथ लेकर जितेंद्र को एचपीसीएल रिफाइनरी के पास सुनसान रास्ते पर ले गया। 

पुलिस के अनुसार, वहां जितेंद्र के नीचे उतरने पर प्रवीन ने गाड़ी में रखी लोहे की भारी रॉड से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। अमन उस दौरान आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहा था। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल गाड़ी, लोहे की रॉड और अन्य साक्ष्य बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static