पंचकूला नगर निगम के वरिष्ठ उप-महापौर व उप-महापौर के चुनाव की मांग को लेकर 13 फरवरी को JJP का  सांकेतिक  धरना : ओपी सिहाग

punjabkesari.in Thursday, Feb 09, 2023 - 09:59 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी) : पिछले दो सालों से  नगर निगम पंचकूला में रिक्त पड़े वरिष्ठ उप-महापौर व उप-महापौर के चुनाव न करवाए जाने के खिलाफ जननायक जनता पार्टी पंचकूला द्वारा आगामी 13 फरवरी 2023 को नगर निगम कार्यालय के सामने सुबह  10.30 सांकेतिक धरना दिया जायेगा। इस बारे जानकारी देते हुए  पंचकूला जजपा शहरी जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने बताया कि इन दोनों अति महत्वपूर्ण पदों के चुनाव नियमानुसार आयुक्त नगर निगम पंचकूला द्वारा महापौर की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक बुला कर  करवाए जाने हैं। सिहाग ने कहा कि हरियाणा नगर निगम अधिनियम में दिए गए प्रावधानों के मुताबिक इन दोनों रिक्त पदों का चुनाव ठीक 2 साल पहले हो जाना चाहिए था। इन चुनाव को हरियाणा नगर निगम अधिनियम  1994 की धारा 36 (2 ) व हरियाणा नगर निगम इलेक्शन रूल्स के  रूल 71 (2) के अंतर्गत ये  चुनाव करवाने की  जिम्मेदारी आयुक्त नगर निगम पंचकूला व महापौर नगर निगम पंचकूला की है। 

 

जेजेपी शहरी जिला अध्यक्ष  सिहाग ने कहा कि जननायक जनता पार्टी पंचकूला का मानना है कि आयुक्त  व महापौर नगर निगम  पंचकूला दोनों ने ही अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी नहीं  निभाई तथा न ही अब  निभा रहे हैं l  सिहाग  ने  कहा  कि  दोनों पता नहीं किस  वजह  से इन  अति महत्वपूर्ण पदों का चुनाव नहीं  करवा रहे हैं तथा हरियाणा नगर निगम अधिनियम में दिए गए प्रावधानों व नियमों को न  मानकर कानून का मजाक उड़ा  रहे हैं।  

 

आज जजपा जिला अध्यक्ष  ने पार्टी के तीनों पार्षदों व जिले के अन्य वरिष्ठ नेताओं से  विचार विमर्श  करके  आयुक्त व महापौर  नगर निगम पंचकूला को  पत्र लिखकर उनसे  तुरंत दोनों रिक्त पदों के  चुनाव करवाने बारे आग्रह किया है।ओ पी सिहाग ने  उन दोनों को पत्र में  लिखा  है  कि जेजेपी इस बाबत  पहले  भी कई दफा उनको अवगत  करवा चुकी है ।  इसके अतिरिक्त निर्देशक  शहरी स्थानीय निकाय,हरियाणा द्वारा भी लगातार पूछा जा रहा है कि आप इन दोनों महत्वपूर्ण खाली पड़े पदों का चुनाव करवाकर रिपोर्ट मुख्यालय भेजे, पर आप उनकी भी प्रवाह नहीं कर रहे हैं।  

 

जजपा शहरी  जिला अध्यक्ष ने कहा कि  जननायक जनता पार्टी  पंचकुला आयुक्त व महापौर नगर निगम पंचकूला  से मांग करती है कि वो दोनों बिना किसी देरी के  नियमानुसार इन दोनों पदों के चुनाव करवाने हेतु  तुरंत कार्यवाही करे। अगर  वो  12 फरवरी 2023 तक इस बाबत कोई कार्रवाई नहीं करते हैं तो जजपा पंचकूला 13 फरवरी 2023 सोमवार को ठीक 10.30 बजे सुबह नगर निगम कार्यालय  सेक्टर 14 के आगे  उनसे इन दोनों पदों के चुनाव न करवाने का कारण जानने तथा तुरंत चुनाव करवाने हेतु  गांधीवादी तरीके से उनके खिलाफ 2 घंटे का सांकेतिक धरना देगी।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static