रोजी-रोटी की तलाश बनी काल: 10 महीने पहले स्पेन गए कैथल के युवक का निधन, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 12:29 PM (IST)
गुहला/चीका (कपिल): हरियाणा के कैथल जिले के हल्का गुहला के गांव रिवाड़ जागीर के रहने वाले युवक दीपक कुमार की स्पेन में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दीपक करीब 10 महीने पहले बेहतर रोज़गार की तलाश में स्पेन गए थे, जहां वे मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का सहारा बनना चाहते थे। लेकिन 4 मार्च 2026 को उनकी अचानक मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दीपक कुमार के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर बताई जा रही है। ऐसे में परिवार के लिए स्पेन से उनके पार्थिव शरीर को भारत लाना बेहद मुश्किल हो गया है। परिजनों का कहना है कि वे चाहते हैं कि दीपक का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव रिवाड़ जागीर में ही किया जाए, ताकि परिवार के सदस्य और गांव के लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकें।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के कई समाजसेवी आगे आए हैं और उन्होंने परिवार की मदद करने का जिम्मा उठाया है। समाजसेवियों का कहना है कि वे लोगों के सहयोग से पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि परिवार को इस दुख की घड़ी में कुछ राहत मिल सके।
परिजनों और समाजसेवियों ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे इस दुखद समय में परिवार की आर्थिक मदद के लिए आगे आएं और इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते पर्याप्त सहायता जुटाई जा सके और दीपक कुमार का अंतिम संस्कार उनके गांव में ही किया जा सके। लोगो द्वारा मृतक दीपक के परिवार की मदद के लिए एक स्कैनर भी स्थानीय ग्रुपों में शेयर किया जा रहा था जिस पर पेमेंट करके लोग उनके परिवार की आर्थिक मदद कर सकते है।