पंजाब मुख्यमंत्री, MCG कार्यालय सहित क्रिकेट स्टेडियम को बम से उड़ाने की मिली खालिस्तानी धमकी
punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 01:18 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम कार्यालय सेक्टर-34 में आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक खालिस्तानी धमकी भरा ईमेल निगम की ईमेल आईडी पर पहुंचा। इस ईमेल में नगर निगम कार्यालय को दोपहर एक बजकर 11 मिनट पर बम से उड़ाने की खालिस्तानी धमकी दी गई। इसके अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री से बदला लेने सहित क्रिकेट स्टेडियम और पंजाब के कई पुलिस थानों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई। धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही गुड़गांव पुलिस हरकत में आई और नगर निगम कार्यालय को खाली कराकर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल प्रारंभिक तौर की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के मुताबिक, यह ईमेल आज सुबह 11 बजकर 38 मिनट पर नगर निगम की अधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ। इस ईमेल को खालिस्तानी नेशनल आर्मी के इंजीनियर गुरंख सिंह, रुकन शाहवाला, डॉ गुरनिवेर सिंह व खान रजदा द्वारा भेजा जाना ईमेल में लिखा है। ईमेल में धमकी दी गई कि आज दोपहर को IED ब्लास्ट किए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा यह कहा गया है कि भगवंत मान बहुत अहंकार में है। इसमें 5 व 6 को भटिंडा में तथा 13 सितंबर को क्रिकेट वाले स्थान पर हमला किए जाने की बात कही गई है।

ईमेल में यह भी कहा गया है कि 700 किसानों का बदला भाजपा से लिया जाएगा। इसके अलावा भगवंत मान से खालिस्तान के गैंगस्टरों और झूठी पुलिस के मुकाबलों का बदला लिए जाने की बात कही गई है। इसके साथ ही अमृतसर इलाके के पुलिस स्टेशन घरोंडा के हमले सहित उत्तर प्रदेश के डीजीपी यादव और उनके रिश्तेदारों पर भी नजर होने की धमकी दी गई है। ईमेल में कहा गया है कि 13 सितंबर तक क्रिकेट खेलने के स्थान पर बचना। किसी भी लावारिस I-Phone काे हाथ न लगाएं इसके कारण धमाका हो सकता है। इस धमकी भरी ईमेल के बाद संबंधित राज्यों की पुलिस को भी अलर्ट करने के साथ ही नगर निगम कार्यालय में सेनिटाइजेशन कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए बम निरोधक दस्ते के साथ-साथ डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाकर जांच की जा रही है। फिलहाल कुछ भी संदिग्ध न मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली है।