मजदूरी के लिए गए दंपत्ति को बनाया बंधक, महिला मजदूर से की छेड़छाड़
punjabkesari.in Saturday, Apr 05, 2025 - 04:26 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): मजदूरी के लिए गए दंपत्ति को बंधक बनाकर देर रात तक काम कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि व्यक्ति ने महिला मजदूर के साथ छेड़छाड़ भी की। पीड़ित ने इसकी शिकायत सेक्टर-50 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
पुलिस को दी शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि वह मूल रूप से मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं और फिलहाल वह सेक्टर-40 थाना एरिया में अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। वह दिहाड़ी पर मजदूरी करते हैं। 29 मार्च को एक व्यक्ति अपने घर पर काम कराने के लिए उन्हें लेकर गया था। दंपत्ति ने उनके घर पर दिहाड़ी के समय के अनुसार कार्य किया। आरोप है कि काम कराने के बाद भी आरोपी ने उन्हें दिहाड़ी नहीं दी और उन्हें अतिरिक्त कार्य कराने के लिए अपने घर पर रोक लिया।
इतना ही नहीं देर रात तक उनसे कार्य कराया गया। इस दौरान आरोपी ने उसकी पत्नी के साथ अभद्रता शुरू कर दी। आरोपी ने उससे छेड़छाड़ की। जब उन्होंने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उन्हें छोड़ दिया। इस बारे में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। मौके पर पहुंची सेक्टर-50 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।