हांसी जिम संचालक मर्डर केस, पुलिस एनकाउंटर पर लॉरेंस गैंग के सोशल मीडिया पोस्ट से मचा हड़कंप, किया ये सनसनीखेज दावा
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 11:34 AM (IST)
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी में 23 दिन पहले हुए जिम संचालक कपिल रेढू हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों के पुलिस एनकाउंटर को लॉरेंस गैंग ने फेक बताया है। पुलिस ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन में दोनों को ढेर किया था।
लॉरेंस गैंग के सुंदर टकला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा- पुलिस ने जो दो लड़कों का एनकाउंटर किया है वो एकदम फर्जी है। मारे गए दोनों भाइयों को पुलिस ने केरल से पकड़ा था। पुलिस उन्हें वहां से उठाकर लाई है और उनके पास इसके पुख्ता सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं। सुंदर ने दावा किया कि एनकाउंटर के वक्त दोनों शूटरों के पास कोई हथियार नहीं था। जिस हथियार से हांसी में जिम संचालक का मर्डर हुआ था, वह सामान पहले से ही हांसी CIA-2 के पास जमा है।
पोस्ट में लिखा कि जिम संचालक क्रिमिनल था और इसीलिए उसकी हत्या की गई थी। वहीं पुलिस ने इसे एक आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई बताया था। बता दें कि करीब 23 दिन पहले हांसी में 25 वर्षीय जिम संचालक कपिल रेढू की अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें एक युवती भी घायल हुई थी। मर्डर के महज 5 घंटे बाद लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। तभी से पुलिस इन दोनों शूटरों की तलाश में जुटी हुई थी।