हथिनीकुंड बैराज के गेट के नीचे लीकेज, नींव को खतरा, विशेषज्ञों की टीम कर रही लीकेज रोकने का प्रयास

punjabkesari.in Friday, Jun 07, 2024 - 07:37 PM (IST)

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): यमुनानगर में स्थित हथिनी कुंड बैराज के गेट नंबर आठ में लीकेज हो रही है,जिस वजह से यह गेट क्षतिग्रस्त हो सकता है। इसका विपरीत असर बैराज की नींव पर भी पड़ सकता है। विशेषज्ञों की टीम लीकेज को रोकने का प्रयास कर रही है।

यमुनानगर में स्थित हथिनी कुंड बैराज कभी दिल्ली हरियाणा में बाढ़ की स्थिति आने, कभी दिल्ली को कम पानी सप्लाई होने को लेकर अक्सर चर्चा में रहता है। लेकिन आज हम बात कर रहे हैं बैराज के गेट में लीकेज होने की,जिसके चलते आने वाले समय में बैराज को भारी नुकसान हो सकता था। 

इसे ठीक करने के लिए टीम को 49 लाख रुपये का ठेका दिया गया है। टीम पिछले पांच दिनों से यहां मरम्मत कार्य कर रही है। इस दौरान यहां बैराज के नीचे पानी के अंदर बनाए गए लेप से पानी की लीकेज को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। बहरहाल मुंबई की टीम ने इस कार्य को पूरी तरह से ठीक करने के लिए सिंचाई विभाग से 15 दिन का समय मांगा है। 

मानसून से पूर्व इस लीकेज को ठीक करना पड़ेगा, क्योंकि गत वर्ष भी अत्याधिक बारिश के चलते यह बैराज ओवरफ्लो हो गया था। सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता विजय गर्ग ने बताया कि जैसे ही बैराज में गेट में के अंदर लीकेज का पता चला, सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। जिसके बाद विभाग के चीफ इंजीनियर, सेफ्टी ऑफिसर सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का दौरा किया और तुरंत इसकी लीकेज बंद करवाने के लिए आदेश दिए। इसके बाद मुंबई की एजेंसी को ठेका  दिया गया । जिसने लीकेज बंद करने का कार्य शुरू कर दिया है। और अभी तक 50% लीकेज को रोकने में सफलता हासिल कर ली है।
  

उल्लेखनीय है कि हथिनीकुंड बैराज की सीमाएं कई राज्यों से लगती हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का कुछ हिस्सा शामिल है। बैराज का निर्माण 1996 से 1999 के बीच सिंचाई के उद्देश्य से किया गया था। 

हथिनीकुंड बैराज से पहले यमुना पर ताजेवाला हेड था। जिसका निर्माण 1873 में किया गया था। हालांकि यह अब सेवा में नहीं है। ताजेवाला हेड से ही यमुना के पानी का बंटवारा होता था। अब यमुना के पानी का बंटवारा हथिनीकुंड बैराज से होता है। बैराज से ताजेवाला हेड की दूरी लगभग 3-4 किमी है। हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में पानी छोड़े जाने के लगभग 72 घंटे बाद पानी दिल्ली में दाखिल होता है। बैराज से दिल्ली के बीच मुख्य रूप से हरियाणा के यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत शहर एक तरफ पड़ते हैं और वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, बागपत और मेरठ का कुछ हिस्सा पड़ता। तब जाकर यमुना दिल्ली में प्रवेश करती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static