अरावली की पहाड़ियों में तेंदुए की मौत से हड़कंप, बीमारी या कुछ और? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 01:19 PM (IST)

नूंह: जिले के तावडू उपमंडल के बिस्सर अकबरपुर स्थित अरावली पहाड़ क्षेत्र में एक मृत तेंदुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों और पशुपालकों ने शुक्रवार सुबह पहाड़ी क्षेत्र में तेंदुए का शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना वन्यजीव विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार यह क्षेत्र बाबा मोहन राम मंदिर के आसपास का अरावली पहाड़ी इलाका है, जहां पहले भी वन्यजीवों की मौजूदगी देखी जाती रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में बदबू आने पर जब आसपास तलाश की गई तो वहां एक मृत तेंदुआ पड़ा मिला। इसके बाद मौके की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि जब तेंदुए का शव दिखाई दिया तो तुरंत इसकी सूचना वन्य जीव विभाग को दे दी गई, लेकिन कोई समय पर नहीं पहुंचा।

वन्यजीव विभाग के अधिकारी आर के जांगड़ा का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए का शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल तेंदुए की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। शुरुआती अनुमान के मुताबिक तेंदुआ किसी बीमारी से ग्रसित हो सकता है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।स्थानीय लोगों और वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुग्राम और नूंह सीमा से लगे अरावली क्षेत्र में तेंदुओं की संख्या काफी अधिक बताई जाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static