चलती बस से गिरी कंपनी की महिला कर्मी की मौत
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 08:56 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): ओल्ड राव होटल के सामने फ्लाईओवर के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक निजी कंपनी की बस से गिरकर महिला कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान पलासोली निवासी शिवानी के रूप में हुई है। परिजनों ने बस चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मृतका के पति धीरज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी शिवानी बिलासपुर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। वह रोजाना की तरह कंपनी की बस से ही घर से ड्यूटी पर आती-जाती थी। शुक्रवार 24 अप्रैल को जब बस ओल्ड राव होटल के पास फ्लाईओवर के समीप पहुंची, तो बस चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार से बस चलाते हुए अचानक खिड़की खोल दी। बस की गति और झटके के कारण शिवानी अपना संतुलन खो बैठी और सीधे सड़क पर नीचे गिर गई। सड़क पर गिरने के कारण शिवानी को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही शिवानी के परिवार में मातम छा गया। पलासोली गांव में शोक की लहर है। पति धीरज का आरोप है कि यदि बस चालक सावधानी बरतता और चलती बस में लापरवाही से खिड़की न खोलता, तो उनकी पत्नी की जान बच सकती थी। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।