IMT चौक पर ट्रक से टकराया कैंटर, 3 की मौत

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 07:48 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): दिल्ली-जयपुर हाईवे पर आईएमटी मानेसर फ्लाईओवर पर बिना रिफ्लेक्टर और इंडिकेटर के खड़े एक ट्रक से कैंटर टकरा गया। कैंटर में सवार चालक,कंडक्टर समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कैंटर में सवार लोग राजस्थान के भिवाड़ी से कैंटर में सरिया लादकर दिल्ली जा रहे थे। गुरुवार रात को दो बजे दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मानेसर थाने में मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से उत्तरप्रदेश में जौनपुर के सराय ख्वाजा पटहना निवासी दुर्गा प्रसाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी ट्रांसपोर्ट में चालक की नौकरी करता है। गुरुवार रात को वह और उसका भाई शंकर बिंद दो अलग-अलग कैंटर लेकर राजस्थान के भिवाड़ी से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। शंकर की गाड़ी आगे चल रही थी। देर रात करीब बजे जब वह आईएमटी चौक फ्लाईओवर पर पहुंचे, तो वहां सड़क के बीचों-बीच एक कंटेनर ट्रक खड़ा था। ट्रक चालक ने न तो इंडिकेटर जला रखे थे और न ही पीछे कोई रिफ्लेक्टर लगाया था। अचानक सामने वाली गाड़ी के साइड बदलने के कारण शंकर को खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और उसका कैंटर सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में चालक शंकर बिंद, उसके कंडक्टर सुनील कुमार गौण और उनके एक परिचित रामराज प्रसाद निवासी निवासी गांव जिगनी जिला बलिया उत्तरप्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई।

 

हादसे की सूचना मिलते ही मानेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने निजी क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कैंटर को काटकर तीनों के शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर गुरुग्राम के सेक्टर-दस स्थित नागरिक अस्पताल में लेकर गए,जहां पर डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। जांच अधिकारी एएसआई विकास ने बताया कि शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई दुर्गा प्रसाद की शिकायत पर ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 (लापरवाही से वाहन खड़ा करना) और 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static