पटौदी में गिरी आसमानी बिजली, घर तबाह, 9 साल का मासूम घायल, अस्पताल में भर्ती
punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 01:32 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में देर शाम आई आंधी और बारिश एक परिवार पर कहर बनकर टूटी। पटौदी में आसमानी बिजली गिरने से एक परिवार का आशियाना उजड़ गया। आसमानी बिजली गिरने से एक घर की छत गिर गई और उसके मलबे के नीचे 9 साल का मासूम दब गया। मासूम को गंभीर चोटें लगी हैं। घटना में घायल को परिवार अस्पताल ले गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
घटना पटौदी के वार्ड-14 में हुई। यहां मुबारिक का 9 साल का बेटा फरहान अपने कमरे में बैठा हुआ था। इस दौरान पूरे गुड़गांव व आसपास इलाके में मौसम खराब होने के कारण आंधी व बारिश हो रही थी। जब फरहान कमरे में बैठा था तो अचानक जोरदार धमाका हुआ और छत का बड़ा हिस्सा टूटकरफरहान के उपर गिर गया। धमाके की आवाज सुनकर परिजन व आसपास रहने वाले लोग मौके पर भागे और मलबे में दबे फरहान को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए।
परिजनों ने बताया कि फरहान को लहूलुहान हालत में लेकर वह निजी अस्पताल गए जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसके सिर पर 15 टांके लगाए हैं। वहीं, उसकी हालत को देखते हुए उसे रेवाड़ी रेफर कर दिया ताकि जांच कर यह पता लगाया जा सके कि उसे कोई अंदरूनी चोट तो नहीं लगी है। फिलहाल फरहान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टर उसके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।
मुबारिक ने बताया कि कुदरत का कहर उन्हें दोहरी मार दे गया। जहां एक तरफ उनका 9 साल का बेटा इस कुदरती कहर का शिकार हुआ वहीं, दूसरी तरफ उनका आशियाना भी आसमानी बिजली गिरने से उजड़ गया। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अपने घर की मरम्मत भी नहीं करा सकते। उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।