पानीपत मर्डर मिस्ट्री: पत्नी ने खीर में दी नींद की गोली, आशिक भतीजे ने लोहे की रॉड से फोड़ा बैंक गार्ड का सिर
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 12:55 PM (IST)
पानीपत: थाना सेक्टर-13-17 क्षेत्र के गढ़सरनाई में बैंक के सिक्योरिटी गार्ड मदन की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार प्रेम संबंधों में बाधा बनने पर मदन की पत्नी पिंकी और जेठ के लड़के विशाल दोनों ने मिलकर मदन की हत्या की थी। थाना सेक्टर-13-17 पुलिस ने दोनों को बुधवार शाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में यह कबूल किया है। थाना सेक्टर-13-17 के प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि आठ जून को गढ़सरनाई की केला देवी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसका कहना है कि सात जून की रात को उनके छोटे बेटे मदन का शव घर पर चारपाई पर पड़ा मिला था। मदन के सिर से खून बह रहा था और गले में परना लिपटा हुआ था।
केला देवी ने बेटे की हत्या होने का शक जाहिर किया था। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। हालांकि परिजन पहले आत्महत्या की बात मानते रहे। उनकी पत्नी ने भी आत्महत्या करने की बात कही थी। घटनास्थल पर मिले साक्ष्य और घटनाक्रम से पुलिस को मदन की पत्नी पिंकी और विशाल पर ही हत्या करने का शक हुआ। पुलिस ने बुधवार शाम को मृतक की पत्नी पिंकी से सख्ती से पूछताछ की। उसने पहले तो पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन सख्ती से पूछताछ हुई तो वह टूट गई।
आरोपी पिंकी ने बताया कि पति मदन शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था। ऐसे में जेठ के लड़के विशाल से उसकी बातचीत होने लगी और दोनों में संबंध बन गए। पति को दोनों पर शक हुआ तो उसने विशाल से मारपीट भी की। साजिश के तहत विशाल नींद की गोलियां व कीटनाशक दवाई लेकर आया। सात जून की रात पिंकी ने मदन को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिला दी। रात करीब 12:30 बजे वह छत के रास्ते घर आया। इसके बाद मदन को अंदर से बाहर चारपाई पर लेकर आए और हाथ-पैर बांध दिए। फिर दोनों ने मिलकर उसे कीटनाशक पिलाने का प्रयास किया। मदन ने विरोध किया तो विशाल ने गुस्से में आकर उसके सिर में लोहे की छड़ से वार कर दिया। बाद में गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी पिंकी को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी विशाल को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।