सबह-सुबह रेवाड़ी रेलवे रोड पर मचा हड़कंप, सड़क पर खून से लथपथ युवक का शव देख दहले लोग
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 10:40 AM (IST)
रेवाड़ी : रेवाड़ी के रेलवे रोड से एक सनसनीखेज खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां आज शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। वहीं खून से सना शव देख राहगीर दहल उठे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी । पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।