हांसी में बड़ा हादसा : रोडवेज बस और पिकअप की जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचे यात्री

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 08:19 PM (IST)

हांसी (संदीप सैनी) : हांसी में हिसार-दिल्ली हाईवे पर स्थित गीता चौक के पास रविवार को हरियाणा रोडवेज की एक बस और पिकअप गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, वहीं सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा रोडवेज की बस हिसार से सफीदों की ओर जा रही थी, जबकि पिकअप गाड़ी हांसी की तरफ से हिसार आ रही थी। इसी दौरान गीता चौक के पास दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई।

हादसे में पिकअप सवार दो लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति भी बनी रही।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)              


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static