अंबाला में NH-44 पर बड़ा हादसा: NH-44 पर पुल से गिरे मलबे से राहगीर घायल,...2 युवकों और 1 बच्चे को आई चोट
punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2026 - 07:49 PM (IST)
अंबाला(अमन): अंबाला शहर के मनमोहन नगर के पास NH-44 पर निर्माणाधीन पुल से पत्थर गिरने के कारण बड़ा हादसा हो गया। पुल पर चल रहे काम के दौरान अचानक नीचे गिरे पत्थरों की चपेट में आने से वहां से गुजर रहे दो युवक व 1 बच्चा घायल हो गए। हादसे में एक युवक के मुंह पर पत्थर लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार NH-44 पर मनमोहन नगर के पास पुल पर लेबर द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान पुल से अचानक पत्थर नीचे गिरने लगे। उस समय वहां से दो युवक 1 बच्चे के साथ गुजर रहे थे, जो इन पत्थरों की चपेट में आ गए। पत्थर लगने से दोनों युवक व 1 बच्चा घायल हो गए, जबकि एक युवक चोट लगने के बाद मौके पर ही बेहोश हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया।इस घटना ने निर्माणाधीन पुल पर चल रहे काम के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर काम के दौरान नीचे से गुजर रहे लोगों की सुरक्षा के लिए क्या प्रबंध किए गए थे, यह जांच का विषय है।