यमुनानगर में CM फ्लाइंग की बड़ी कार्रवाई: नशा मुक्ति केंद्र पर औचक छापा, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 04:53 PM (IST)
यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : यमुनानगर के वर्कशॉप रोड स्थित माइंड केयर हॉस्पिटल डी-एडिक्शन सेंटर पर आज उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस टीम में सोशल वेलफेयर अधिकारी, जिला ड्रग कंट्रोलर और सिविल अस्पताल से डॉक्टर नितिन भी शामिल रहे।

जांच के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती नशा मुक्ति से जुड़े मरीजों का पूरा डाटा खंगाला। साथ ही दवाइयों की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर और उनकी खपत का मिलान भी किया गया। टीम ने यह भी देखा कि अस्पताल में दी जा रही दवाइयां निर्धारित मानकों के अनुसार हैं या नहीं।

इसके अलावा डॉक्टरों और स्टाफ की उपस्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया गया। मेडिकल स्टोर की स्थिति, लाइसेंस और दवाओं के रखरखाव से संबंधित नियमों की भी बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई दस्तावेजों को खंगालते हुए अधिकारियों ने हर पहलू का लेखा-जोखा तैयार किया।
जांच को गंभीरता से लेते हुए टीम दो हिस्सों में बंट गई और पूरे अस्पताल परिसर में अलग-अलग जगहों पर एक साथ पड़ताल करती नजर आई। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन से भी कई अहम सवाल पूछे गए।