Rohtak में बड़ी कार्रवाई ; नार्कोटिक्स विभाग ने अवैध हथियारों सहित 2 युवक दबोचे, मौके पर 30 जिंदा कारतूस बरामद

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 07:02 PM (IST)

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक नार्कोटिक्स विभाग की टीम ने सांपला थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 युवकों को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चार अवैध हथियार बरामद किए हैं। इनमें तीन देसी पिस्तौल, एक दोनाली बंदूक और 30 जिंदा कारतूस शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने बताया कि इंस्पेक्टर मनोज कुमार की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स विभाग की टीम सांपला में गश्त कर रही थी कि दो युवकों की तलासी लेने पर दो युवकों से भारी असला बरामद हुआ है। दोनों आरोपियों की पहचान झज्जर जिले के खेड़ी सुल्तानपुर गांव निवासी योगेश और झज्जर जिले के ही रहने वाले सुदीप के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही एक-एक लड़ाई-झगड़े का मुकदमा दर्ज है।

पुलिस टीम ने सांपला थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान दोनों युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में काबू किया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लिया है।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे इतनी बड़ी संख्या में अवैध हथियार कहां से लेकर आए और इस नेटवर्क में उनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ये हथियार उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से लेकर आए थे। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर हथियार खरीदकर लाए थे। पुलिस अब इस व्यक्ति की भूमिका और हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने पत्रकार वार्ता के दौरान लोगों से अपील की कि अवैध हथियार रखने का शौक न पालें। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार रखना कानूनन अपराध है और इसके चलते जेल जाना पड़ सकता है। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से ऐसे मामलों से दूर रहने की सलाह दी।

एसपी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो डालने वालों के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों का प्रदर्शन युवाओं में गलत संदेश देता है और कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन सकता है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हथियार सप्लाई करने वाले लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static