पानीपत में NIA की बड़ी रेड, दवा कारोबारी के घर साढ़े 3 घंटे चली पूछताछ, आखिर मामला क्या है?

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 08:30 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : शहर की किशनपुरा चौकी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब चंडीगढ़ से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम स्थानीय पुलिस के साथ मंजीत सैनी के घर पहुंची। टीम ने सुबह करीब 5 बजे कार्रवाई शुरू की और लगभग साढ़े तीन घंटे तक घर में पूछताछ एवं जांच की।

जानकारी के अनुसार NIA अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से विभिन्न पहलुओं पर सवाल-जवाब किए और मोबाइल फोन व कुछ जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जांच के बाद टीम कुछ दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड अपने साथ ले गई।
डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि NIA की टीम जांच के सिलसिले में आई थी, लेकिन मामले के संबंध में एजेंसी की ओर से कोई विशेष जानकारी साझा नहीं की गई।

सूत्रों के अनुसार जांच किसी संदिग्ध फंडिंग या वित्तीय लेनदेन से जुड़ी हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पूछताछ के दौरान एक हजार रुपये की मोबाइल ट्रांजैक्शन को लेकर भी जानकारी ली गई। परिवार के सदस्य ने बताया कि यह लेनदेन उनके भाई के मेडिकल स्टोर पर हुआ था और इसी संबंध में अधिकारियों ने पूछताछ की।

परिवार के अनुसार जांच के दौरान करीब चार-पांच अधिकारी मौजूद थे और उनके साथ स्थानीय पुलिस भी थी। पूछताछ करीब दो से ढाई घंटे चली। परिवार का कहना है कि जांच में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली और न ही किसी व्यक्ति को अपने साथ ले जाया गया।

फिलहाल NIA की कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि एजेंसी की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बताया जा रहा है आरोपी दवा कारोबार से जुड़ा है।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static