50 से ज्यादा फर्जी शादी कर महिलाओं से ठगी करने का आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jun 09, 2023 - 11:19 PM (IST)

गुडग़ांव,(ब्यूरो): गुडग़ांव पुलिस ने देश भर में 50 से ज्यादा महिलाओं से शादी करके ठगी करने वाले आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गुडग़ांव की इंजीनियर महिला से 2021 में शादी कर 20 लाख रुपये ठगे थे। आरोपी ने कई शादियां रजिस्टर भी करवाईं। फिर उन महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाए और रुपये व जेवर लूटकर फरार हो जाता। आरोपी ने हरियाणा, बंगाल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा सहित कई अन्य राज्यों में भी महिलाओं को लूटा और दुष्कर्म किया। इन महिलाओं में वकील, डॉक्टर, इंजीनियर, टीचर्स, व्यापारी और बहुत सी अन्य पढ़ी लिखी भी शामिल हैं।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

दरअसल, झारखंड के जमशेदपुर निवासी तापेश कुमार भट्टाचार्य वर्ष 2021 में गुडग़ांव की इंजीनियर महिला से शादी की थी और उनसे 20 लाख रुपये ठगे थे। आरोपी की महिला से ऑनलाइन शादी ऐप के जरिए जान पहचान हुर्ई और महज तीन दिन में महिला से शादी कर ली। इसके बाद आरोपी ने महिला से जेवर सहित 20 लाख रुपये एक महीने में ठग लिए और फरार हो गया। कोर्ट के माध्यम से गुरुग्राम पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या के प्रयास सहित धोखाधड़ी में मामला दर्ज किया। कोर्ट के आदेश पर गुडग़ांव पुलिस आरोपित को पकडऩे ओडिशा गई। पुलिस ने आरोपित को बुधवार ओडिसा के नशा मुक्ति केंद्र से दबोच लिया।

 

नौकरी दिलाने के नाम पर करता ठगी:

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सामने आया कि जमशेदपुर निवासी 55 वर्षीय तापेश की 1992 में कोलकाता के पास से शादी हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। वर्ष 2000 में वह अपनी पत्नी और बेटियों को छोडक़र गायब हो गया था। फिर बेंगलुरु में जाकर स्मार्ट हायर सॉल्यूशन नाम से नौकरी दिलवाने की एजेंसी खोली। अपने आप को जमशेदपुर के इंस्टीटूट का पासआउट बताता था। नौकरी दिलाने वाली एजेंसी के माध्यम से लडक़े और लड़कियों को ठगना शुरू किया।

 

20 साल में की 50 से ज्यादा शादी:

इसके बाद आरोपी ने ऑनलाइन शादी ऐप के माध्यम से अकेली, विधवा और तलाकशुदा धनी महिलाओं से संपर्क बनाने शुरू किए। आरोपी ने 20 वर्षों में 50 से ज्यादा महिलाओं के साथ फर्जी शादियां की। बहुत सी शादियां रजिस्टर भी करवाईं। फिर उन महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाए और रुपये व जेवर आदि लूटकर फरार हो जाता था।

 

देश भर में केस दर्ज:

आरोपी तापेश कुमार पर कई राज्यों में मामले दर्ज हैं। तापेश कुमार ने हरियाणा, बंगाल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा सहित कई अन्य राज्यों में भी महिलाओं को लूटा और दुष्कर्म किया। इन महिलाओं में वकील, डॉक्टर, इंजीनियर, टीचर्स, व्यापारी और बहुत सी अन्य पढ़ी लिखी भी शामिल हैं। बेंगलुरू में 2015 में पत्नी को प्रताडि़त करने के एक मामले में घरेलू हिंसा में आरोपित दो सप्ताह के लिए जेल भी जा चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने फिर से ठगी का धंधा शुरू कर दिया था।

 

अधेड़ महिला से की शादी:

गुडग़ांव में कोर्ट के माध्यम से जब आरोपी के खिलाफ केस बेंगलुरु के पते से दर्ज हुआ तो आरोपी बेंगलुरु से मार्च 2022, में गायब हो गया। इसके बाद ओडिशा में एक अधेड व्यापारी महिला के पास पहुंच गया और कथित शादी कर उसी के साथ रहने लगा। ओडिशा की उस महिला से भी लगभग 8 लाख रुपये ठगे और नौकरी के नाम पर भी ओडिशा में कई लोगों को ठगा। फिर एक नशा मुक्ति केंद्र में भुवनेश्वर में रहने लगा और फिर खुरदा में नशा मुक्ति केंद्र में रहा। जहां से पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pawan Kumar Sethi

Recommended News

Related News

static