करनाल में 2 हजार के लिए क्रूरता की हदें पार, शख्स पर चाकू-रॉड से हमला; फैली सनसनी
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 04:37 PM (IST)
करनाल : हरियाणा के करनाल से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक दिहाड़ी मजदूर से महज 2 हजार रुपए लूटने के लिए हमलावरों ने क्रूरता की हदें पार कर दी। दिहाड़ी मजदूर पर अज्ञात बदमाशों ने पैसे लूटने की मंशा से धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना फुसगढ़ के पास की है। घायल की पहचान बिहार निवासी बलिंद्र के रूप में हुई है। देर रात 2-3 नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेरकर रुपए छीनने की कोशिश की। जब उसने बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने रॉड और चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। मुंह पर चाकू से वार किए और रॉड से टांगों पर बेरहमी से मारा। खून से लथपथ वह जमीन पर गिर गया। डायल-112 की टीम ने घायल को अस्पताल ले जाने के बजाय शराब में धुत समझकर वहीं छोड़ दिया। अगली सुबह एक सामाजिक संस्था की टीम ने बलिंद्र को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब जांच में जुटी है। पुलिस का कहना आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस खौफनाक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।