शराबी पति ने तबाह किया परिवार, गहरी नींद में सो रही पत्नी को बेरहमी से मार डाला, खौफनाक हत्याकांड से दहल गया करनाल
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 11:45 AM (IST)
करनाल : हरियाणा के करनाल से दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी को चाकूओं से गोद-गोदकर मार डाला। बताया जा रहा है कि महिला गहरी नींद में सो रही थी जब आरोपी पति ने उस पर हमला किया। इसके बाद आरोपी ने अपनी बेटी को भी मारने की कोशिश की लेकिन वह बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रामदेव कॉलोनी की है। मृतक महिला की पहचान सीता के रुप में हुई है। मृतक महिला की बेटी ज्योति ने बताया कि जब बहन को भी मारने का प्रयास किया तब उसका शोर सुनकर नींद खुली तो देखा मां खून से लथपथ बेहोश पड़ी है। वहीं घटना को अंजाम दे आरोपी भाग गया। रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि मृतका ही मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार की देखरेख कर रही थी, जबकि उसका पति शराब पीने का आदी था और कोई काम नहीं करता था। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सिटी थाना के जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति ने तेजधार हथियार से पत्नी के सिर पर वार कर उसकी हत्या की। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं इस नृशंस हत्याकांड ने पूरा इलाका दहला दिया।