रोडरेज- गाड़ी को टक्कर मारकर पीड़ित से ड्राइवर ने की बदसलूकी, धमकी देकर हुआ फरार
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 08:02 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सड़क हादसे के बाद दबंगई और धमकी देने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात वाहन चालक ने न सिर्फ पीड़ित की गाड़ी में जोरदार टक्कर मारी और चोट पहुंचाई, बल्कि मौके से भागने से पहले उसे जान से मारने की धमकी भी दी। डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के भजनपुरा निवासी नितिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को को अपनी गाड़ी से डीएलएफ फेज-2 क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए उनकी कार में सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और नितिन को चोटें भी आईं। हादसे के बाद आरोपी ने माफी मांगने के बजाय पीड़ित के साथ बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है।