Haryana: दुकान पर काम कर पाल रहा था परिवार,  खौफनाक कदम ने उजाड़ दीं खुशियां

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 07:42 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र भारती): शुक्रवार सुबह शहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब खलीलपुर और कुंभावास रेलवे स्टेशन के बीच एक व्यक्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना इतनी दर्दनाक थी कि मौके पर पहुंचने वाले लोग भी सन्न रह गए। मृतक की पहचान 50 वर्षीय मनोज के रूप में हुई है, जो रेवाड़ी शहर के मुक्तिवाड़ा क्षेत्र के निवासी थे। वह स्थानीय स्तर पर एक दुकान पर काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। जांच अधिकारी एसआई सत्यपाल ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे जीआरपी पुलिस को सूचना मिली कि दिल्ली-जयपुर रानी खेत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। 

सूचना मिलते ही जीआरपी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में पुलिस जांच और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान मनोज के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनोज ने खुद ही ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की। 

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन श्मशान घाट समिति की गाड़ी के माध्यम से शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। फिलहाल जीआरपी पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static