जनहितैषी ''काम'' के आधार पर 100 ताकतवरों की लिस्ट में मनोहर-नायब का नाम !

punjabkesari.in Saturday, Mar 29, 2025 - 06:57 PM (IST)

चंडीगढ़(संजय अरोड़ा): देश के सबसे 100 ताकतवर लोगों की सूची में हरियाणा की गुरु-शिष्य की जोड़ी ने टॉप 40 में जगह बनाई है। एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी अखबार द्वारा देशभर के राजनेताओं के साथ-साथ अन्य विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों की कार्यशैली पर आधारित एक सर्वे करवाया और शुक्रवार को इस सर्वे की रिपोर्ट जारी की। अहम बात यह है कि इस रिपोर्ट में जारी किए गए 100 लोगों की लिस्ट में जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले पायदान पर हैं जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 9वें स्थान पर हैं। इसी प्रकार हरियाणा के 2 बड़े सियायी चेहरों ने भी इस लिस्ट में जगह बनाई है। इनमें केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ-साथ प्रदेश के

मुख्यमंत्री नायब सैनी भी शामिल हैं। राजनीतिक पर्यवेक्षकों द्वारा इस जोड़ी को गुरु-शिष्य की उपमा दी गई है और उनका कहना है कि गुरु मनोहर लाल द्वारा करीब साढ़े 9 साल में बतौर मुख्यमंत्री हरियाणा में विकास और जन कल्याणकारी नीतियों की जो नींव रखी गई थी उनका फायदा वर्तमान मुख्यमंत्री एवं खट्टर के शिष्य के रूप में माने जाने वाले नायब सैनी के लिए मील के पत्थर के रूप में मिलता नजर आ रहा है और यही कारण रहा कि सैनी ने अपने गुरु की मानिंद इस लिस्ट में उनका नाम भी दर्ज हुआ है।

इस लिस्ट में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व अन्य बड़े सियासी नेताओं के साथ-साथ उद्योगपति, खेल जगत व फिल्म जगत की बड़ी हस्तियों को भी रैंक दिया गया है। इस सर्वे के मुताबिक हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को 38वां तो उनके गुरु मनोहर लाल को 39वां रैंक मिला है जबकि पड़ोसी राज्य पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 44वें स्थान पर हैं।

खास बात यह है कि पिछली बार मनोहर लाल खट्टर इस सूची में 82वें नंबर' पर थे जबकि नायब सैनी को इस सूची में पहली बार स्थान मिला है। हरियाणा से संबंध रखने वाले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस बार 52वां रैंक मिला है जबकि पिछली दफा उनका रैंक 18वां था। पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का रैंक 94वां हैं और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को 67वां रैंक मिला है। अहम, बात यह है कि हरियाणा की इस गुरु-शिष्य की जोड़ी ने इस रैंकिंग में पड़ोसी राज्यों पंजाब, राजस्थान, दिल्ली व हिमाचल प्रदेश को पछाड़ दिया है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी यह बात कई। बार दोहरा चुके हैं कि मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री रहते अपनी कठिन तपस्या के जरिए न केवल बड़े फैसले लिए बल्कि हरियाणा की तस्वीर व व्यवस्था को भी बदला। सैनी जब मुख्यमंत्री बने थे। तो उन्होंने इसका श्रेय भी मनोहर लाल को देते हुए उन्हें अपना सियासी गुरु बताया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static