गुड़गांव की साहिबी नदी हुई ओवरफ्लो, सोसाइटी व गांवों में घुसा पानी

punjabkesari.in Thursday, Sep 04, 2025 - 06:59 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): बारिश के बाद हिमाचल, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ के बाद अब गुड़गांव की साहिबी नदी भी उफान पर है। नजफगढ़ ड्रेन के नाम से पहचान बना चुकी साहिबी नदी का पानी ओवरफ्लो होकर कई सोसाइटियों व गांवों में प्रवेश कर गया है जिससे लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोगों की मानें तो उन्हें रोजमर्रा का सामान खरीदने के लिए भी परेशानी होने लगी है। वहीं, सोसाइटी से अंदर व बाहर जाने के लिए भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ट्रैक्टर के माध्यम से लोग आवागमन कर रहे हैं।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें। 

 

दरअसल, रविवार से शहर में रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश ने गुड़गांव को पूरी तरह से जलमग्न कर दिया। शहर की सड़कों पर चार से पांच फीट तक पानी जमा हो गया। वहीं,  अधिकारियों की मानें तो पूरे शहर का पानी नजफगढ़ ड्रेन यानी साहिबी नदी के माध्यम से दिल्ली की यमुना नदी में डाला जाता है। यह नदी भी ओवरफ्लो होकर चल रही है जिसके कारण करीब आधा दर्जन गांवों में पानी भर गया है। इसके साथ ही सेक्टर-107, 108 की कई सोसाइटियों में पानी भर गया है। यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना नदी भी उफान पर चल रही है जिसके कारण दिल्ली में पानी पहुंचने की गति बेहद धीमी हो गई है। यही कारण है कि साहिबी नदी का पानी ओवरफ्लो होकर सोसाइटी और गांवों में प्रवेश कर रहा है जिससे बाढ़ जैसे हालात हो रहे हैं। नदी के साथ बनी सोसाइटियों में करोड़ों रुपए के फ्लैट खरीदने वाले लोग भी अब बेबस नजर आ रहे हैं। लोगों की मानें तो वह घरों में कैद हो गए हैं।

 

लोगों की मानें तो प्रशासन की तरफ से अब तक यहां सुध नहीं ली गई है। हर बार बारिश के दिनों में उन्हें इस तरह की समस्या का सामना करना पड़ता है। वहीं, बारिश का पानी सोसाइटी व खेतों में भरने के कारण यहां सांप भी निकलने लगे हैं। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static