काम की तलाश में आया था गुड़गांव, होटल कर्मचारियों ने कर दी पीट-पीटकर हत्या

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 09:30 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): काम की तलाश में झारखंड से गुड़गांव आए एक युवक की होटल कर्मचारियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। होटल के कमरे में जब होटल के अन्य कर्मचारियों ने खून से लथपथ शव देखा तो इसकी सूचना सेक्टर-5 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में केस दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान इंद्रजीत निवासी तारानपुर जिला गाजीपुर (उत्तर-प्रदेश) व अरविंद कुमार उर्फ संजू निवासी सतरघाट जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है।  आरोपी इंद्रजीत बसंत होटल नजदीक रेलवे स्टेशन में सफाई का काम करता है तथा आरोपी अरविंद रेलवे स्टेशन के आसपास ही रहता था जिससे इन दोनों आरोपियों में जानकारी हो गई थी। आरोपी अरविंद कभी कभार किसी होटल में खाना बनाने का काम भी करता है। 10 मार्च की रात को किसी बात पर आपस में कहासुनी हो गई जिस पर आरोपियों ने मृतक आनंद के साथ मारपीट की जिससे उसकी मृत्यु हो गई। फिलहाल पुलिस झगड़े के पीछे के कारणों का पता लगा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। 

 

पुलिस के मुताबिक, 11 मार्च को सेक्टर-5 थाना पुलिस को रेलवे स्टेशन के पास स्थित बसंत होटल से सूचना मिली थी कि उनके होटल के कमरे में एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची जहां पर एक व्यक्ति खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा हुआ था जिसकी पहचान आनंद गोस्वामी (उम्र-41 वर्ष) निवासी तेतुलमुरी बस्ती जिला धनबाद (झारखंड) के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा सीन ऑफ क्राइम व फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण करवाया तथा मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। 12 मार्च को मृतक के जीजा ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि इसका साला आनंद गोस्वामी काम की तलाश में गुड़गांव आया था। 8 मार्च से बसंत होटल में रुका हुआ था। 10 मार्च की रात को होटल में काम करने वाले इंद्रजीत तथा एक अन्य व्यक्ति अरविंद कुमार ने आनंद के साथ मारपीट की जिससे लगी चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई।  मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static