Haryana में मारकंडा नदी उफान पर, डीसी ने लोगों से की सावधान रहने की अपील...यमुना ने भी दिखाया रौद्र रूप

punjabkesari.in Tuesday, Sep 02, 2025 - 09:47 AM (IST)

डेस्क(रणदीप): हरियाणा में मारकंडा नदी उफान पर है। अभी मारकंडा नदी खतरे के निशान से करीब 1 मीटर नीचे बह रही है, लेकिन अभी नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। अभी मारकंडा में करीब 18 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है। वहीं हिमाचल प्रदेश में दोबारा बारिश हो रही है। हिमाचल से मारकंडा में 40 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी आने की आशंका है।

काला अंब में तैनात गेज रीडर कश्मीर सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर, नाहन और काला अंब में 2 दिन लगातार बारिश की चेतावनी है। यहां से मारकंडा में सुबह 43 हजार क्यूसेक के आसपास पानी निकला है।
 
भारी बारिश और जलभराव की वजह से कुरुक्षेत्र जिले के 17 स्कूलों में आज छुट्टी घोषित की गई है। इसमें पिहोवा के 9 गांव कराह साहिब, अधोया, गंगहेड़ी, दिवाना, अज्मतपुर, खजानपुर, टाबरा, नैसी और जलबेहड़ा के स्कूलों में छुट्टी रहेगी। इसके अलावा शाहाबाद के 8 गांव झांसा, मलकपुर, गुमटी, दयाल नगर बाजीगर कॉलोनी, मदनपुर, तंगौर, कठवा और मुगल माजरा के स्कूलों में भी छुट्टी रहेगी। कठवा, तंगौर, मलकपुर, मुगल माजरा और कलसाना में करीब 9 हजार एकड़ धान व गन्ने की फसल प्रभावित है। झांसा और इस्माइलाबाद के पास का कुछ एरिया भी जलभराव से प्रभावित हुआ है।

 डीसी विश्राम मीणा ने जलभराव वाले इलाकों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ अधिकारियों को 24 घंटे हालात पर नजर रखने के निर्देश दिए है। किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर 01744-221035 जारी किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static