आज चरखी दादरी पहुंचेगा शहीद अरविंद सांगवान का पार्थिव शरीर, गांव में होगा अंतिम संस्कार

punjabkesari.in Sunday, Dec 25, 2022 - 09:15 AM (IST)

चरखी दादरी(पुनीत): दादरी जिला के गांव झोझू कलां का लाल अरविंद सांगवान सिक्किम हादसे में शहीद हो गया। अरविंद की शहादत की खबर लगने के बाद पूरे गांव व क्षेत्र में शोक की लहर है। रविवार को शहीद का पार्थिव शरीर गांव में पहुंचेगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ उसकी अंत्येष्टि की जाएगी।

 

PunjabKesari

 

10 दिन पहले ही छुट्टी काटने के बाद ड्यूटी पर लौटे थे अरविंद

 

शुक्रवार देर रात परिजनों को अरविंद के शहीद होने का समाचार मिला तो घर में चीख-पुकार मच गई। अरविंद कुमार राजपूत राइफल्स में तैनात था और 10 दिन पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर गया था। झोझू कलां के किसान राजेंद्र सिंह का 37 वर्षीय बेटा अरविंद सांगवान सिक्किम में तैनात था। शुक्रवार को सिक्किम के जेमा में आर्मी का ट्रक खाई में गिर गया, जिसमें 16 जवानों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जवानों से भरी बस एक तीखे मोड़ पर फिसल गई और सीधी जाकर खाई में जा गिरी। सेना की रेस्क्यू टीम ने 4 घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच 16 जवानों ने दम तोड़ दिया। अरविंद के शहीद होने की जानकारी मिली तो उनके घर पर लोगों का सांत्वना देने के लिए तांता लग गया।

 

PunjabKesari

 

बेटे की शहादत से गांव हुआ गमगीन, पिता बोले- पोते को भी बनाउंगा फौजी

 

शहीद के पिता राजेंद्र सिंह ने बताया कि 12 दिसंबर को छुट्टी काटकर वापस ड्यूटी पर गया था और मार्च माह में आर्मी से सेवानिवृत्त लेना चाहता था। शहीद की गर्भवती पत्नी पिंकी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आठ साल का बेटा पिता के आने की बाट जोह रहा है। शहीद अरविंद के पिता ने कहा कि बेटा जाने का गम जरूर है, मगर इसी के साथ उसे इस बात का नाज भी है कि बेटे ने देश के लिए कुर्बानी दी है। वह अपने पोता को भी फौजी बनाएंगे। बता दें कि अरविंद 15 साल पहले सेना में भर्ती हुआ था। मृतक अरविंद की पत्नी भी हरियाणा पुलिस में तैनात है। शुक्रवार देर रात जैसे ही शहीद होने की सूचना मिली तो गांव में गमगीन माहौल हो गया। रविवार को शहीद का पार्थिव शरीर गांव पहुंचेगा, जिसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static