MCG की रोड डेवलपमेंट सेल करेगी इन परियोजनाओं की निगरानी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 04:32 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम ने शहर में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों की बेहतर योजना, प्रभावी क्रियान्वयन, कड़ी निगरानी और समयबद्ध शिकायत निवारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक समर्पित रोड डेवलपमेंट सेल (आरडीसी) का गठन किया है। यह सेल तत्काल प्रभाव से कार्य करना शुरू कर चुका है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।


नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह सेल सड़क परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता, वित्तीय स्थिति और संबंधित शिकायतों पर लगातार नजर रखेगा, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधाएं मिल सकें।

जारी आदेशों के अनुसार रोड डेवलपमेंट सेल नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में कार्य करेगा। इसकी संरचना में वरिष्ठ प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिनमें अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, मुख्य अभियंता विजय ढाका, सभी कार्यकारी अभियंता व सहायक अभियंता तथा सलाहकार डॉ अनीता फ़लसवाल शामिल हैं। इसमें अतिरिक्त आयुक्त-II को उपाध्यक्ष तथा मुख्य अभियंता को सदस्य सचिव बनाया गया है, जिससे प्रशासनिक और तकनीकी समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।

बड़ी सड़क परियोजनाओं की नियमित निगरानी
आरडीसी का प्रमुख कार्य शहर की प्रमुख सड़क परियोजनाओं की लगातार समीक्षा करना है। इसके अंतर्गत मॉडल रोड परियोजनाओं की नियमित निगरानी, 25 लाख रुपये या उससे अधिक लागत वाली सभी सड़क परियोजनाओं की समीक्षा, परियोजनाओं की समयसीमा, गुणवत्ता मानकों और वित्तीय प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।  इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय पर और तय मानकों के अनुरूप पूरे हों।

सड़क संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान
सड़क से जुड़ी नागरिक शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए आरडीसी विभिन्न प्लेटफॉर्म से प्राप्त शिकायतों की निगरानी करेगा, जिनमें सीएचएस/जीएमडीए पोर्टल, एमसीजी मोबाइल एप सहित  “म्हारी सड़क” प्लेटफॉर्म (प्राथमिकता के साथ) शामिल हैं। सेल इन शिकायतों का समन्वित समाधान सुनिश्चित करेगा, जिससे नागरिकों को बार-बार शिकायत करने की आवश्यकता न पड़े।

विभागों के बीच समन्वय भी करेगा सेल
सड़क कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आरडीसी विभिन्न विभागों और एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करेगा, जिनमें जीएमडीए, एचएसवीपी, पीडब्ल्यूडी, ट्रैफिक पुलिस और अन्य उपयोगिता एजेंसियां शामिल हैं।यह समन्वय सड़क निर्माण, मरम्मत और यातायात प्रबंधन से जुड़े मुद्दों को तेजी से हल करने में मदद करेगा।

रिपोर्टिंग, समीक्षा और अन्य जिम्मेदारियां
रोड डेवलपमेंट सेल समय-समय पर परियोजनाओं और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति रिपोर्ट तैयार करेगा और संबंधित प्राधिकरण को प्रस्तुत करेगा। इसके अलावा सीएक्यूएम के निर्देशों के अनुसार कार्यों का क्रियान्वयन, सड़क से जुड़े पर्यावरणीय लक्ष्यों की निगरानी, सक्षम प्राधिकारी द्वारा सौंपे गए अन्य कार्यों का निष्पादन भी सेल द्वारा किया जाएगा।

पखवाड़े में होगी बैठक, तुरंत लागू हुआ आदेश
ऑपरेशनल व्यवस्था के तहत आरडीसी की बैठक प्रत्येक पखवाड़े या अध्यक्ष के निर्देशानुसार आयोजित की जाएगी। संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों को सेल को आवश्यक डेटा, रिपोर्ट और अपडेट उपलब्ध कराने होंगे। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो चुका है।

शहर की सड़क व्यवस्था सुधारने की दिशा में बड़ा कदम
निगमायुक्त के अनुसार रोड डेवलपमेंट सेल के गठन से सड़क परियोजनाओं की निगरानी मजबूत होगी, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों की शिकायतों का समाधान पहले से अधिक तेजी से हो सकेगा। इससे गुरुग्राम की सड़क व्यवस्था को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static