तीन दिन न जाएं इस रोड पर, नहीं तो हो जाओगे परेशान
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 08:52 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) द्वारा बसई रोड पर आवश्यक सड़क कार्य किए जाने के चलते आगामी तीन दिनों तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। यह कार्य विशेष रूप से सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल के पास किया जाना प्रस्तावित है, जहां भारी यातायात और अस्पताल की निकटता को देखते हुए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
एमसीजी के अनुसार, इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक होने के कारण कार्य के दौरान सड़क के प्रभावित हिस्से को आंशिक या पूर्ण रूप से बंद करना आवश्यक होगा, ताकि कार्य को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
यह कार्य 28 मार्च 2026 से 30 मार्च 2026 (दोपहर तक) किया जाएगा। कार्य का समय रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिससे दिन के समय यातायात पर कम से कम प्रभाव पड़े। यातायात को सुचारू बनाए रखने और अस्पताल तक एंबुलेंस व आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। बसई रोड से सेक्टर-10 सरकारी अस्पताल की ओर आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाएंगे।
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार द्वारा गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस से अनुरोध किया गया है कि कार्य अवधि के दौरान आवश्यक ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात का बेहतर प्रबंधन किया जा सके और नागरिकों को असुविधा न हो। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कार्य को समय पर पूर्ण किया जा सके और भविष्य में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।