घर की घंटी बजाने से खफा व्यक्ति ने MCG कर्मचारी को बेरहमी से पीटा
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 01:54 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): पानी बिल रीडिंग के लिए एक घर की घंटी बजाना नगर निगम के संविदा कर्मचारी को भारी पड़ गया। मकान में रह रहे किराएदार ने तैश में आकर कर्मचारी को बेरहमी से पीटा। आरोप है कि उसके हाथ में जो भी आया उसने कर्मचारी को मार दिया और उसकी बिलिंग मशीन व मोबाइल तोड़ दिया। इसकी शिकायत पीड़ित ने न्यू कॉलोनी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में आशीष कुमार ने बताया कि वह नगर निगम में जल बिलिंग कार्य के लिए मीटर रीडिंग लेने के लिए कार्यरत है। 6 सितंबर को वह सेक्टर-7 में एक मकान पर रीडिंग लेने के लिए गया था। इस दौरान घर का गेट बंद था जिस पर उन्होंने घर की दो बार घंटी बजा दी। आरोप है कि घंटी की आवाज सुनकर वह व्यक्ति बाहर आया और बिना किसी कारण के उसके साथ गाली गलौज करने के साथ ही अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोप है कि व्यक्ति ने उसे घर की घंटी बजाने के लिए धमकाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि व्यक्ति ने उस पर लोहे के पाइप व डंडों से मारपीट की जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।मारपीट के दौरान बिलिंग प्रिंटर और मोबाइल भी तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।