कमल गुप्ता की बैठक से नदारद रहे कई अधिकारी, मंत्री ने कारण बताओ नोटिस जारी कर मांगा जवाब

punjabkesari.in Thursday, Dec 22, 2022 - 05:19 PM (IST)

करनाल: जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने करनाल पहुंचे शहरी एवं स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता का गुस्सा उस समय सातवें आसमान पर पहुंच गया, जब कई विभाग के अधिकारियों ने अपनी जगह मीटिंग में जूनियर अधिकारियों को भेज दिया। बिना कारण बताए बैठक से गायब रहने पर मंत्री गुप्ता ने अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। उन्होंने कई विभागों के अधिकारियों ने बैठक में अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण मांगा है।

 

विभाग के उच्च अधिकारियों की जगह कई जूनियर अधिकारी थे मौजूद

 

दरअसल मंत्री गुप्ता गुरुवार को करनाल में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक लेने पहुंचे थे। इस बैठक में गुप्ता के सामने 11 मामले रखे गए। मीडिया को जानकारी देते हुए गुप्ता ने बताया कि हर जिले में हर महीने कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित होती है। सभी विभागों के अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद कुछ विभागों के अधिकारियों द्वारा बैठक को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ अधिकारियों ने मीटिंग में अपनी जगह जूनियर अधिकारियों को भेज दिया। ऐसे अधिकारियों को नोटिस जारी कर बैठक में अनुपस्थित रहने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

 

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर फूटा मंत्री गुप्ता का गुस्सा

 

हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री को लेकर मंत्री गुप्ता ने कहा कि ये लोग क्या भारत को जोड़ेंगे? 600 साल पहले बाबर आया उसने देश के मंदिरों को तोड़ा। तब हमारा समाज इतना सशक्त नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को दिखाया है कि जोड़ना किसे कहते हैं। गुप्ता ने कहा कि देश को स्वतंत्रता मिलने के साथ ही कश्मीर में धारा 370 लगा दी गई। पीएम मोदी ने इस धारा को हटाकर देश को जोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि ऐसे पैदल चलने से जुड़ाव नहीं होता। कांग्रेस पहले अपने घर को तो जोड़ लें। कमल गुप्ता ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस में आपसी फूट जगजाहिर है। कांग्रेस आपस में नहीं जुड़ पा रही तो देश कैसे जुड़ेगा। निकाय मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने देश को तोड़ने का काम किया है, आज वे ही देश को जोड़ने का नाटक कर रहे हैं।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static