भिवानी में मंत्री राजेश नागर का सख्त एक्शन, डाक विभाग के अधिकारी को किया सस्पेंड
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 04:09 PM (IST)
भिवानी (अशोक भारद्वाज) : हरियाणा के खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में बिजली की कोई कमी नहीं है। यदि किसी कारण से प्रदेश के किसी क्षेत्र में कोई कट लगता है तो उसके पीछे बरसात या पेड़ों के गिरने के चलते बिजली बाधित होना हो सकता है। यह बात उन्होंने भिवानी में जिला कष्ट निवारक समिति की मासिक बैठक के दौरान 13 परिवाद सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। इस मौके पर उन्होंने 13 परिवादों में से 11 का मौके पर निपटान किया तथा 2 परिवादों को पैंडिंग रखा। वही उन्होंने डाक विभाग से संबंधित एक मामले में जांच में लापरवाही बरतने वाले एक सुप्रीडेंट को सस्पेंड भी किया।
दिल्ली में जंतर-मंतर से लेकर लोकसभा तक कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि लोकसभा में सांसद पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है तथा इस मामले में जो भी सही कदम होगा, वह उठाया जाएगा। वही उन्होंने पीने के पानी तथा बिजली की समस्या को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को किसी बात की असुविधा ना हो, इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए। राशन वितरण प्रणाली में किसी प्रकार की दिक्कत को लेकर उन्होंने कहा कि इस दिशा में काम किया जा रहा है तथा स्थिति को ओर भी बेहतर किया जा रहा है।
भिवानी के पंचायत भवन में आयोजित हुई ग्रेवेंसेस कमेटी की मीटिंग में कुछ समय के लिए लाईट चली गई थी, जिसके बाद मोबाईल लाईट के कारण मीटिंग जारी रखनी पड़ी। जिसके बाद मंत्री ने कहा कि तकनीकी कमी के कारण ऐसा हो जाता है। इस मौके पर विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारियों से जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटान के आदेश दिए तथा कहा कि जनता की समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए उन्हे सुलझाने का कार्य करें। इस मौके पर उनके साथ भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि सहित ग्रेवेंनसेस कमेटी के सदस्य व भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।