खुले में शौच करने का विरोध करना परिवार को पड़ा भारी, एक दर्जन युवकों ने किया परिवार पर जानलेवा हमला

punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 09:27 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो):  सेक्टर-45 इलाके में खुले में शोच करने का विरोध करने पर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी युवकों ने न सिर्फ शिकायतकर्ता और उनके बुजुर्ग पिता को लात-घूसों से पीटा, बल्कि बीच-बचाव करने आई एक महिला पड़ोसी पर चाकू से भी वार कर दिया। हंगामा बढ़ने पर आरोपियों ने फोन कर दो-तीन गाड़ियों में और लड़कों को बुलाकर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को शामिल जांच कर जमानत पर छोड़ दिया गया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-45 के निवासी मनोज कुमार ने शिकायत में बताया कि 20 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने घर की पहली मंजिल की बालकनी में खड़े थे। तभी उनकी नजर सामने खाली पड़े एक प्लॉट पर पड़ी, जहां एक लड़का बेहद अभद्र तरीके से खड़ा होकर पेशाब कर रहा था। आसपास परिवार रहते हैं, इसलिए मनोज ने उसे ऊपर से ही आवाज देकर ऐसा करने से मना किया। इस बात पर वह लड़का बुरी तरह भड़क गया और नीचे से ही मनोज को बेहद भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा।

 

जब गाली-गलौज बढ़ने लगी तो मनोज उसे समझाने के लिए नीचे उतरकर आए। तभी सामने स्थित मकान के पीजी से छह-सात युवक बाहर निकल आए। मनोज के अनुसार उन सभी ने शराब पी रखी थी। आते ही एक युवक ने मनोज के सिर पर जोरदार मुक्का मारा जिससे वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद सभी आरोपी मिलकर उन्हें लात-घूसों से पीटने लगे। पति को पिटता देख पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता उन्हें बचाने के लिए दौड़े। आरोपियों ने मनोज के बुजुर्ग पिता सोहन लाल को भी नहीं बख्शा और उनकी भी बेरहमी से पिटाई कर दी।

 

मारपीट के दौरान एक लड़का अपनी गाड़ी से एक चाकू निकाल कर लाया। आरोपी ने जैसे ही मनोज पर चाकू से वार करने की कोशिश की, तभी चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाली महिला सुनीता यादव बीच-बचाव करने आ गईं। इस दौरान चाकू सीधे सुनीता यादव के चेहरे पर लगा, जिससे उनका होठ गंभीर रूप से कट गया और चाकू जमीन पर गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस हेल्पलाइन 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से ही मारपीट करने वाले पांच लड़कों को हिरासत में ले लिया और वारदात में इस्तेमाल चाकू को भी अपने कब्जे में ले लिया।  सेक्टर-40 थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर सात युवकों को गिरफ्तार किया गया। सभी को शामिल जांच कर जमानत पर छोड़ दिया गया।आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static