मोबाइल चार्जर खरीदने के बहाने दुकानदार से चाकू की नोक पर लूट

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 01:48 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): शीतला कॉलोनी में मोबाइल की दुकान पर चार्जर खरीदने गए तीन युवकों ने चाकू की नोक पर दुकानदार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस हरकत में आई और शिकायत के आधार पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी। मामले में पालम विहार अपराध शाखा की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को बसई से गिरफ्तार कर लिया। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

एसीपी क्राइम-1 इंडीवर ने पत्रकारवार्ता कर बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान आशीष बघेल (22), निवासी ऐटा उत्तर प्रदेश वर्तमान भवानी एन्कलेव, अमर कुमार (21) निवासी हाथरस उत्तर प्रदेश व विमल कुमार (31) निवासी दिलावाली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। प्रारंभिक तौर की पूछताछ में सामने आया कि तीनों ही आरोपी मजदूरी करते हैं। 28 अक्टूबर को वह शीतला कॉलोनी में गए थे। यहां उन्होंने गली में एक दुकान खुली हुई देखी जिसके आसपास कोई नहीं था। पहले यह तीनों ही दुकान में मोबाइल का चार्जर खरीदने गए, लेकिन वापस आ गए। कुछ देर बाद अमर व आशीष दुकान के अंदर गए और चार्जर लेने की बात कही। जैसे ही दुकानदार चार्जर निकालने के लिए घूमा तो इन्होंने उसे धक्का दे दिया और चाकू की नोक पर उसे बंधक बनाते हुए 50 हजार रुपए लूट लिए और फरार हो गए। इस वारदात के दौरान आरोपी विमल दुकान के बाहर निगरानी करता रहा।

 

एसीपी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी आशीष पर लूट के दो केस गुड़गांव में दर्ज हैं। वहीं, आरोपी अमर पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का केस गुड़गांव में दर्ज है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।  आपको बता दें कि 29 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने सेक्टर-5 थाना पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उसका शीतला कॉलोनी में CSC सेंटर है। यहां वह मनी ट्रांसफर का भी काम करता है। 28 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 8 बजे इसकी दुकान पर दो युवक आए जिन्होंने चार्जर खरीदने की बात कही। जब वह चार्जर देने लगा तो इन युवकों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। चाकू दिखाकर उसका मुंह दबा दिया और उसके पास मौजूद 50 हजार रुपए व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static