सड़कों से हटाई बेसहारा गाय तो बजरंग दल के जिलाध्यक्ष को कार्यालय में घुसकर लाठियों से पीटा

punjabkesari.in Sunday, May 18, 2025 - 11:04 AM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सड़कों से बेसहारा गाय को हटाना बजरंग दल के जिलाध्यक्ष को भारी पड़ गया। करीब एक दर्जन लोगों ने कार्यालय में घुसकर जिलाध्यक्ष को लाठियों से पीटा। इस घटना में घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

 गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।

 

दरअसल, आशीष शर्मा बजरंग दल के जिलाध्यक्ष हैं। वह सामाजिक कार्य करने के साथ ही बेसहारा गाय को सड़कों से हटाने के कार्य में जुटे हुए हैं। शुक्रवार को नगर निगम की टीम बादशाहपुर में अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रही गाय को पकड़ रहे थे। इस कार्य में आशीष नगर निगम की टीम की मदद कर रहे थे। यह बात कुछ लोगों को नागवार गुजरी और उन्होंने आशीष पर उनके कार्यालय में घुसकर लाठी डंडे बरसा दिस। पूरा प्रकरण उनके कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से हमलावर उन पर लाठियों से हमला कर रहे हैं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह गाय पकड़वाते वक्त भी उन पर हमला हुआ था जिसकी शिकायत उन्होंने बादशाहपुर थाने में की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से पशु डेयरी चलाते हैं। उनके नगर निगम को गाय पकड़वाने के कार्य से यह डेयरी संचालक नाराज थे।

 

वहीं, इस हमले से राष्ट्रीय बजरंग दल के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता नाराज है। इसकी उन्होंने निंदा की है। उन्होंने कहा कि जब शुक्रवार को आशीष पर हमला हुआ और उन्होंने पुलिस को शिकायत दी, तो पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की। अगर पुलिस कार्रवाई कर देती तो यह हमला दोबारा न होता। उन्होंने पुलिस को कुछ लोगों के नाम बताए हैं जिनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस हमले में माेनू नाम के दो लड़के, एक नवीन व पांच अन्य आरोपियों पर हमला करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आशीष का अस्पताल में इलाज चल रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static