मोदी लहर थी चली गई, विस चुनावों की जंग जीतेगी कांग्रेस : भूपेंद्र हुड्डा

punjabkesari.in Sunday, Jun 02, 2019 - 08:40 PM (IST)

जींद (जसमेर मलिक): प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनावों में मोदी लहर थी, जो चली गई है। विधानसभा चुनावों की जंग हरियाणा में कांग्रेस जीतेगी। लोकसभा चुनावों में मुद्दे नहीं थे। भाजपा ने छदम राष्ट्रवाद के सहारे लोकसभा चुनाव जनता को गुमराह कर जीत लिए। 4 महीने बाद जब हरियाणा विधानसभा के चुनाव होंगे तो मनोहर सरकार के खिलाफ मुद्दे ही मुद्दे होंगे और भाजपा को कांग्रेस के हाथों करारी हार मिलेगी।

पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा रविवार को जींद में जींद, जुलाना और सफीदों के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। इसमें हुड्डा से जब कांग्रेस की हरियाणा और पूरे देश में हार के कारणों को लेकर सवाल किया गया तो हुड्डा ने कहा कि यह पहला चुनाव था, जिसमें न तो दिखाव था और न ही खिंचाव था। मोदी लहर में कांग्रेस हार गई। भाजपा ने छदम राष्ट्रवाद के जरिए जनता को गुमराह कर लोकसभा चुनाव जीते।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों ने इनैलो, जेजेपी, लोसुपा जैसे दलों को जनता के सामने नंगा कर दिया, जो चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ बोल रहे थे लेकिन चुनाव में भाजपा की मदद करते नजर आए। विधानसभा चुनाव में ऐसे दलों को जनता मुंह नहीं लगाएगी। मनोहर सरकार को पेपर लीक सरकार बताते हुए भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चंडीगढ़ में वह इस मुद्दे को उठाएंगे। उनके पास पेपर लीक को लेकर काफी सबूत हैं।

हुड्डा ने कहा कि हरियाणा को सीएम मनोहर लाल ने राजकुमार सैनी के जरिए जलवाया। रोहतक में एक मंत्री के पीएसओ के पास लूट का सामान जाट आंदोलन के दौरान मिला था। प्रकाश सिंह कमेटी की रिपोर्ट इस सरकार ने सार्वजनिक नहीं की। लोकसभा चुनावों में मंत्री मनीष ग्रोवर के साथ नामी बदमाश था। इससे साफ है कि भाजपा ने चुनावों में धन के साथ बाहुबल का भी इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा कि वह जब प्रदेश के सीएम थे, तब जींद में 15 दिन तक रेल रोकने का बड़ा आंदोलन हुआ था लेकिन उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से इसका समाधान किया था। भाजपा के 5 साल के शासन में हरियाणा में 80 लोग पुलिस की गोली से मारे गए। इससे पहले प्रदेश में ऐसा कभी नहीं हुआ था। विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी अपने 2005 से 2014 तक के 10 साल के शासन बनाम मनोहर लाल के 5 साल के शासन के मुद्दे पर लड़ेगी और इसमें जीत कांग्रेस की होगी।

मोदी सरकार ने छिपाए बेरोजगारी के आंकड़े
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मोदी सरकार के 5 साल के शासन में देश में बेरोजगारी की दर 45 साल में सबसे ज्यादा रही है। बेरोजगारी के इतने डरावने आंकड़ों को लोकसभा चुनाव तक मोदी सरकार ने दबाए रखा। चुनाव होते ही यह आंकड़े जारी हो गए। इससे साफ है कि मोदी ने अपने काम के नाम पर नहीं, बल्कि छदम राष्ट्र्रवाद के नाम पर लोकसभा चुनाव जीते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Naveen Dalal

Related News

static