Panipat: धान में नमी...समालखा अनाज मंडी में एक भी दाने नहीं हुई खरीद, किसान परेशान

punjabkesari.in Tuesday, Oct 01, 2024 - 08:29 AM (IST)

समालखा : धान की पी.आर. किस्म की सरकारी खरीद करने के सरकारी आदेशों के 4 दिन बीत जाने के बाद समालखा की अनाज मंडी में एक भी दाने की खरीद नहीं हो पाई। 

गौरतलब है कि धान की पी.आर. किस्म की सरकारी खरीद 1 अक्तूबर से किए जाने के आदेश दिए गए थे, लेकिन उससे पहले ही यानी 27 अक्तूबर से ही सरकारी खरीद करने के सरकार की तरफ से आदेश आ गए थे। इसी को लेकर नई अनाज मंडी में मार्किट कमेटी की तरफ से सरकारी खरीद करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। 27 सितम्बर को आदेश होने के बावजूद 2 दिनों तक यानी 27 और 28 सितम्बर को कोई भी पी.आर. किस्म की ढेरी नहीं आई। 29 सितम्बर को पी.आर. किस्म की धान की ढ़ेरी आई और यह भी अभी समालखा खंड के क्षेत्र के किसानों द्वारा नहीं लाई गई, जबकि यह सोनीपत के कामी और जुआ महारा  गांव के किसान लेकर आए, हालांकि यहां पर केवल 4 किसानों के गेट पास मंडी के गेट पर कटे हैं, अब करीब 250 क्विंटल धान की पी.आर. किस्म की फसल मंडी में आ गई है लेकिन इसकी खरीद नहीं की गई। इसका कारण धान की फसल में अभी गीलापन है और उसकी खरीद करने से पहले उपमंडल अधिकारी के समक्ष जब मार्किट कमेटी और हैफेड विभाग द्वारा सैंपल लेकर जांच की गई तो उसमें 21 और 22 प्वाइंट नमी पाई गई, जबकि सरकार के आदेश हैं कि केवल 17 प्वाइंट तक नमी होने तक ही धान की फसल की खरीद की जा सकती है।

सरकारी सुविधाओं की कोई कमी न रहे मंडी में : अमित कुमार

धान की खरीद को लेकर उपमंडल अधिकारी अमित कुमार ने अनाज मंडी समालखा का दौरा किया। उनकी मौजूदगी में धान की फसल का माउसचर चैक किया गया लेकिन माउसचर सरकार के आदेशों से ज्यादा पाए जाने के कारण धान की फसल की खरीद नहीं की गई। अमित कुमार ने किसानों को कहा कि वह अपनी फसल को साफ करके और सुखाकर लाएं ताकि किसानों को अपनी फसल को बेचने में किसी भी तरह से परेशानी न आए। उन्होंने यहां मंडी में सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था एकाध जगह को छोड़कर दुरूस्त पाई गई।

मार्किट कमेटी की सचिव सविता जैन ने उपमंडल अधिकारी को बताया कि यहां पर कुछ घुमंतू किस्म के लोग ठहरे हुए हैं, जो गंदगी फैलाते हैं। इस पर उपमंडल अधिकारी अमित कुमार ने सविता जैन को कहा कि वह उन्हें यहां से उठाने का काम करें। अगर वह यहां से नहीं उठ पाते हैं तो पुलिस प्रशासन का सहयोग लें। उन्होंने कहा कि यहां स्वच्छता सफाई अभियान अच्छी तरह से रहे और किसानों को यहां बिजली, पानी और अन्य सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं की कोई भी कमी न रहे। यह भी बताने योग्य है कि समालखा की मंडी में प्राइवेट एजैंसियों द्वारा धान की फसल की खरीद की जा रही है, और अब तक करीब 1.85 लाख क्विंटल धान की फसल की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि यहां प्राइवेट खरीदार आए हुए हैं और वह धान की फसल की खरीद कर रहे हैं।

किसान फसल सुखाकर लाएं : सविता जैन

मार्किट कमेटी की तरफ से सचिव सविता जैन ने किसानों को कहा है कि मंडी में किसान फसल को सुखाकर लेकर आएं ताकि फसल की तुरंत प्रभाव से खरीद की जा सके। सविता जैन ने बताया कि सरकार की ओर से पी.आर. कोमन किस्म का  रेट 2300 और कोमन किस्म ग्रेड-1 का 2320 रुपए निर्धारित किया है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static