हरियाणा में तानाशाही पर उतरे हुड्डा पिता-पुत्र, दूसरे नेताओं को मुट्ठी में करना चाहते हैं बंद: मूलचंद शर्मा

punjabkesari.in Thursday, Nov 17, 2022 - 07:30 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और नेता प्रतिपक्ष पर तीखी टिप्पणियां करते हुए परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा है कि हरियाणा में कांग्रेस बापू बेटे की पार्टी बनकर रह गई है। पार्टी के लोग ही आज एक दूसरे के खिलाफ काम करते नजर आ रहे हैं। यह बापू बेटे तानाशाही रवैया पर उतरे हुए नेता बन चुके हैं। शर्मा ने कहा कि हुड्डा पिता-पुत्र हरियाणा में कांग्रेस पार्टी में किसी को नहीं रहने देंगे। उन्होंने कहा कि इन्होंने जिस प्रकार से अशोक तंवर- कुमारी शैलजा- रणदीप सुरजेवाला और कुलदीप बिश्नोई के साथ किया,  किसी से छुपा नहीं है। हुड्डा पिता-पुत्र केवल अपने परिवार का भला चाहने वाले नेता है और हरियाणा की जनता इन्हें अब खूब देख और समझ चुकी है। शर्मा ने कहा कि उदयभान को गरीब का बेटा बताने वाले भूपेंद्र सिंह हुड्डा बताएं कि शैलजा और तंवर किसके बेटे थे। लेकिन वह इनकी मुट्ठी में नहीं थे और इन्हें मुट्ठी में रहने वाला नेता चाहिए था। कांग्रेस पार्टी में जो भी नेता इन्हें इनके बराबर नजर आएगा, यह उसे पार्टी से भगा देंगे। यह कांग्रेस से कई कद्दावर बड़े नेताओं को भगाने में कामयाब हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि किरण चौधरी की भाजपा में आने की अटकलों बारे उन्हें किसी प्रकार की जानकारी नहीं है।

 

हमेशा कर्मचारियों की जायज मांगों को माना, आगे भी उनके हित में करेंगे काम : मूलचंद शर्मा

 

विधायक दल की मीटिंग की जानकारी देते हुए शर्मा ने बताया कि यह बैठक मुख्यमंत्री से रूबरू होने का एक विशेष समय होता है। जिसमें विधायक अपने अपने क्षेत्र और अपनी निजी दिक्कतों की जानकारी देते है और मुख्यमंत्री इस मौके पर इसके समाधान भी करते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले सत्र को लेकर पार्टी पूरी तरह से तैयार है। विपक्ष द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जोखा रखने के साथ-साथ विपक्ष के सवालों का भी खूब जवाब देंगे। शर्मा ने कहा कि वह परिवहन से जुड़े यूनियन के लोगों द्वारा रखी गई उचित सभी मांगों को मानते रहे हैं। चाहे बात बसों की संख्या बढ़ाने की हो या भर्ती करने की, हमने सभी बातों को मारने का प्रयास किया है और आने वाले समय में भी कर्मचारियों के हितों में लगातार फैसले लेंगे। 

 

 दिल्ली में प्रदूषण के लिए पंजाब को ठहराया जिम्मेदार

 

शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली में हमारी लगातार नई बसें आवाजाही कर रही हैं, किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है और आज पोलूशन के जो बुरे हालात पैदा हुए हैं उसका मुख्यतः कारण पंजाब है। उन्होंने प्रदूषण को लेकर सख्त कार्यवाही करने का संदेश देते हुए कहा कि इस मुद्दे पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पूरे समाज के बारे में सोचते हुए हर सरकार को सख्ती से कदम उठाने जाने की जरूरत है।

 

कोविड जैसी बड़ी समस्याओं के बावजूद 3 साल में किया बेहतरीन काम : शर्मा

 

मूलचंद शर्मा ने पिछले 3 साल के दौरान आई दिक्कतों का हवाला देते हुए कहा कि कोविड के समय बड़ी-बड़ी समस्याओं के बावजूद जिस प्रकार से विकास की गति प्रदेश ने पकड़ी है, मुख्यमंत्री की कुशल कार्यशैली को प्रदर्शित करने के लिए काफी है। पूरे देश में ट्रांसपोर्ट पूरी तरह से बंद रहे। बसें- रेलगाड़ियां- जहाज बंद रहे। बावजूद इसके परिवहन विभाग के कर्मचारियों को समय पर तनख्वाह देना कर्मचारियों के हित में लिया गया एक बड़ा फैसला था। आने वाले समय में और हालात सुधरेंगे और बीते 2 साल के कार्यकाल के दौरान परिवहन-खनन और कौशल विकास विभाग में और अच्छा काम किया जाएगा।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static