हरियाणा का झोटा 'विधायक' की कीमत जान उड़ जाएंगे आपके होश, मालिक दो और झोटों को कर चुके हैं तैयार
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 08:21 PM (IST)
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में चल रहे पशु मेले में इस बार एक झोटा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हम बात कर रहे हैं पानीपत जिले के डिडवाड़ी गांव के मुर्रा नस्ल के झोटे ‘विधायक’ की। इस झोटे का नाम उसके मालिक ने विधायक रखा है। विधायक अपनी शानदार बनावट, ऊंचे कद और बेहतरीन नस्लीय गुणों के कारण यह झोटा प्रदर्शनी में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। पद्मश्री नरेंद्र इससे पहले भी वे ‘गोलू’ और ‘गोलू 2’ जैसे प्रसिद्ध झोटों को तैयार कर चुके हैं।
‘विधायक’ ने इस मेले में दो प्रमुख श्रेणियों में जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। इसे ब्रीडिंग चैंपियन का खिताब मिला, जिसके लिए 2.51 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा मुर्रा वयस्क वर्ग में भी इसने पहला स्थान हासिल कर 51 हजार रुपये का इनाम जीता। इसकी उपलब्धियों की सराहना हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी की है।
इस झोटे की कीमत ने भी लोगों को हैरान कर दिया है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जो कई लग्जरी कारों से भी ज्यादा है। ‘विधायक’ अब तक देशभर की 21 से अधिक पशु प्रतियोगिताओं में अव्वल रह चुका है। यही वजह है कि इसे देखने के लिए विभिन्न राज्यों के पशुपालक ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी प्रतिनिधि दल पानीपत पहुंचते हैं। इस बेशकीमती भैंसे के मालिक पद्मश्री नरेंद्र सिंह हैं, जिन्हें वर्ष 2019 में पशुधन संरक्षण और मुर्रा नस्ल के विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया था।