CM नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनी PM की ''मन की बात'', पेट्रोल-डीजल की कीमतों और विपक्ष पर दिया बड़ा बयान
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 08:52 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा):हरियाणा के मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे। यहां सेक्टर-8 स्थित भाजपा कार्यालय में उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 132वां संस्करण कार्यकर्ताओं के साथ सुना और जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ली।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से देशभर में समाज और राष्ट्र के लिए कार्य कर रहे लोगों की प्रेरणादायक कहानियां सामने आती हैं, जिससे आमजन को नई ऊर्जा और उत्साह मिलता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम देश में एकता और जनभागीदारी को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए देशवासियों को एकजुट रहने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में लोगों को अफवाहों से दूर रहकर मिलकर चुनौतियों का सामना करना चाहिए।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण दुनिया भर में दाम बढ़े हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कमी कर आमजन को राहत देने का प्रयास किया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ राज्यों में योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं को जमीन तक पहुंचाना और लोगों को उसका लाभ देना है।