यमुनानगर में डॉक्टरों के आधे से ज्यादा पद खाली, कई रोगों के विशेषज्ञ तक नहीं

punjabkesari.in Thursday, Feb 24, 2022 - 04:34 PM (IST)

यमुनानगर(सुरेंद्र मेहता): प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए कई कदम उठा रही है। प्रदेश के कई इलाकों में जहां अस्पतालों के लिए नए भवन बनाए जा रहे हैं वही अस्पतालों के बेड की व्यवस्था भी बढ़ाई जा रही है। लेकिन डॉक्टरों की कमी के चलते आम आदमी को सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना संभव नहीं हो रहा।  हरियाणा में हालांकि नौ सौ के लगभग डॉक्टरों के विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का दावा है कि जल्दी ही भर्ती प्रक्रिया पूरी होगी और अस्पतालों में डॉक्टर नियुक्त होंगे। लेकिन जितने पद खाली हैं उसके हिसाब से यह संख्या बहुत कम है। 

यमुनानगर का 200 बेड का अस्पताल भवन बनकर लगभग तैयार है। जो अगले कुछ महीनों में स्वास्थ्य विभाग को मिल जाएगा। यमुनानगर में इस समय डॉक्टरों के 184 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से मात्र 84 पर ही डॉक्टर नियुक्त हैं। 100 से अधिक डॉक्टरों के पद खाली हैं। यहां न तो रेडियोलॉजिस्ट है ना न्यूरो और ना ही स्किन का विशेषज्ञ है। हालांकि यहां नए भवन में कैंसर वार्ड, कैथ लैब सहित विभिन्न सुविधाएं दिए जाने की बात कही जा रही है। लेकिन डॉक्टरों की कमी के चलते वह संभव नहीं है।

यमुनानगर के सीएमओ डॉ विजय दहिया का कहना है कि अगले 4 से 5 महीने में विभाग को 200 बेड का अस्पताल भवन मिल जाएगा। जिसमें ब्लड बैंक भी शिफ्ट होगा और और सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि रिक्त पदों पर भर्ती के लिए सरकार को लिखा गया है। जल्द ही डाक्टरों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होगी और यमुनानगर को काफी संख्या में डॉक्टर और  विभिन्न  क्षेत्रों के विशेषज्ञ मिल जाएंगे। जिससे सभी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static