रेलवे ट्रैक पार कर रही थी मां-बेटी, अचानक आ गई ट्रेन और हो गया दर्दनाक हादसा

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 08:49 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से ट्रैक पार कर रही मां-बेटी की मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से महिलाओं के शव कई हिस्से हो गए और करीब सौ मीटर तक शवों के टुकड़े बिखर गए थे। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और हादसे के बाद बिखड़े पड़े शवों के टुकड़ों को एकत्रित किया। दोपहर को दोनों मृत महिलाओं के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, वीरवार की सुबह रेवाड़ी से दिल्ली रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में दो महिलाएं आ गई। दोनों के शव टुकड़ों में बिखर गए। जीआरपी मौके पर पहंची और मृत महिलाओं की पहचान गुरुग्राम के बास हरिया गांव निवासी ममता देवी (48) और उनकी मां मधुबाला (82) निवासी राणिला गांव, चरखी दादरी के रूप में हुई है। परिवार वालों ने जीआरपी को बताया कि मधुबाला अपने बेटे बसंत व बेटी बबली के साथ बास हरिया गांव में शादीशुदा बेटी ममता के पास आई हुई थी। बृहस्पतिवार को उनको जयपुर के लिए ट्रेन पकडऩी थी। ऐसे में ममता देवी व उनके पति विनोद उन तीनों को छोड़ने के लिए गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन आए थे।

 

वे गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने के बाद रेलवे ट्रैक पार करके टिकट लेने के लिए जा रहे थे। ममता देवी का पति विनोद, बसंत व बबली आगे चल रहे थे। जबकि ममता देवी अपनी मां मधुबाला के साथ थोड़ी पीछे चल रही थीं। इसी दौरान दिल्ली से रेवाड़ी रेलवे ट्रैक पर टनकपुर एक्सप्रेस ट्रेन आई, जिससे कारण मां-बेटी रूक गई तो दूसरी तरफ रेवाड़ी से दिल्ली रेलवे ट्रैक पर भी बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन आ गई, तो वे दोनों बीकानेर ट्रेन की चपेट में आ गई और दोनों के शव टुकड़ों में बिखर गए।

 

जांच अधिकारी एसआई बाबू लाल ने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करते समय एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दोनों महिलाओं की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static