प्यार का खौफनाक अंत: कुएं में पत्थरों से बंधा मिला हसीना का शव, 3 बच्चों के सिर से उठा मां का साया
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 11:28 AM (IST)
नूंह(ऐके बघेल): नूंह जिले के बझेड़ा गांव के जंगलों में स्थित एक पुराने कुएं से 26 वर्षीय हसीना का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पत्थर से बंधा मिला। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।
मृतका के परिजनों ने रफीक नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब पांच साल पहले हसीना की जबरदस्ती कराई गई थी और उसके बाद से वह प्रताड़ना झेल रही थी।
मामले में शक तब और गहरा गया जब पता चला कि 18 अप्रैल को हसीना के पति ने ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 24 अप्रैल को केस दर्ज हुआ और करीब 10 दिन बाद शव उसी इलाके के कुएं से बरामद हुआ। शव निकालने के दौरान कुएं से दो मोटरसाइकिलों के चेसिस भी बरामद हुए हैं, जिससे मामले में और जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।मृतका के 3 बच्चे भी हैं।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवीण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं परिजन इंसाफ की मांग कर रहे हैं।