Murder Case: जिस पिता ने उंगली पकड़कर चलना सिखाया, उन कलयुगी बेटों ने ही दी दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Wednesday, Jun 04, 2025 - 09:09 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी की कालाका नहर में मिले एक शव को लेकर पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को तीन दिनों में सुलझा लिया। इस मर्डर में दो बेटों ने अपने साथी को साथ लेकर पिता की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था। पिता द्वारा जमीन-जायदाद से बेदखल करने की बात कहे जाने पर खफा होकर बेटों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार कसौला थाना के तहत गांव संगवाड़ी का लाल सिंह वेल्डिंग की दुकान चलाता था। 4 भाइयों में वह तीसरे नंबर का था। लाल सिंह के दो बेटें हैं और दोनों ही पिता से अलग रहते हैं। 31 मई की सुबह लाल सिंह का शव शहर के निकटवर्ती कालाका नहर से मिला था। उसकी सिर पर मूसली से चोट मारकर हत्या की गई थी। पुलिस के लिए यह राज बना हुआ था कि लाल सिंह की हत्या क्यों और किसने की। पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया। लाल सिंह के घर से नहर तक जगह-जगह खून के निशान भी मिले थे। 

हत्या के बाद नहर में फेंका था शव

मृतक के बड़े भाई दलसिंह ने पुलिस को बताया कि 30 मई की रात को लाल सिंह की हत्या उसके ही घर में की गई थी। हत्या के बाद खून को साफ किया गया और फिर शव को कालाका नहर में फेंक दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि लगभग 20 साल पहले सबसे छोटे भाई भाल सिंह की पत्नी की मौत हो गई थी। मायके पक्ष के लोगों ने उस पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया था। जिसमें लाल सिंह भी आरोपी था। यह मामला अभी भी न्यायालय में विचाराधीन था। दल सिंह ने ससुराल पक्ष के लोगों पर लाल सिंह से रंजिश होने का शक जताया था। तत्पश्चात थाना कसौला पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करके जांच को तेज कर दिया था।

पुलिस पूछताछ में उगला सच

इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने के लिए सीआईए धारूहेड़ा व कसौला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए मंगलवार शाम को पुलिस ने लाल सिंह के बेटे मोहित व उसके दोस्त मथुरा के गांव मनोहरपुर व हाल निवासी रेवाड़ी के गांव बनीपुर के पवन कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ में मोहित ने बताया कि पारिवारिक जमीनी विवाद के चलते उसने अपने भाई रोहित व साथी पवन कुशवाह के साथ मिलकर अपने पिता की मूसली से वार करके हत्या कर दी थी। हत्या के बाद वे शव को बाइक पर रखकर कालाका नहर पर ले गए और उसमें फेंक दिया। जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

तीसरा आरोपी भी दबोचा

जांचकर्ता ने बताया कि पिता की हत्या करने के बाद तीसरे आरोपी रोहित को थाना कसौला पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने कहा कि उसे जल्द ही प्रोडेक्शन वारंट पर लेकर जांच में शामिल किया जाएगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yakeen Kumar

Related News

static