म्यूजिक विवाद बना बवाल: लाडवा में नेपाली परिवार के घर पर 5 राउंड फायरिंग, आरोपी फरार
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 11:04 AM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : जिले के लाडवा क्षेत्र में बीती रात मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया, जब पड़ोसी युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक नेपाली परिवार के घर पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि यह विवाद तेज आवाज में म्यूजिक बजाने को लेकर हुआ था।
जानकारी के अनुसार, लाडवा के वार्ड-11 स्थित संगम मार्केट में नेपाल मूल का कर्ण अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता है और यहां मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। बीती रात करीब 11 बजे कर्ण अपने घर पर म्यूजिक चला रहा था, जिससे परेशान होकर पड़ोसी आदि राणा (निवासी सहारनपुर, यूपी) ने उसे म्यूजिक बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
मामला बढ़ता देख किसी ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत करवा दिया। लेकिन कुछ देर बाद आरोपी युवक ने अपने दोस्तों को बुला लिया और रात करीब 2 बजे कर्ण के घर पर पहुंचकर फायरिंग कर दी। आरोपियों ने करीब 5 राउंड गोलियां चलाईं, हालांकि गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे परिवार दहशत में है। सूचना मिलते ही पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और घटनास्थल से 5 खाली खोल बरामद किए। थाना लाडवा के SHO गुरनाम सिंह के अनुसार, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
हरियाणा में बारिश से मौसम हुआ ठंडा, 5 डिग्री तक गिरा तापमान; कल से फिर बारिश और ओलावृष्टि की संभावना