किसी काम से जा रहा था प्लंबर, रास्ते में मिली मौत...5 भाई-बहनों में सबसे छोटा था मृतक

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 09:19 AM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र जिले में ढांड रोड पर देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक पेशे से प्लंबर था और किसी काम से दूसरे गांव जा रहा था। हादसे के बाद आरोपी पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान 24 वर्षीय राहुल निवासी खादी कॉलोनी मिर्जापुर के रूप में हुई है। राहुल शादीशुदा था और होली के अवसर पर उसका साला दीपक घर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि राहुल अपने साले दीपक की बाइक लेकर किसी काम से कमोदा गांव की ओर जा रहा था। मृतक के पिता बलबीर सिंह ने बताया कि राहुल अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। शाम करीब 5:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि राहुल का एक्सीडेंट हो गया है और उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना कमोदा गांव के प्रसोतम ने परिवार को दी। प्रसोतम ने बताया कि संतरे से लोड एक पिकअप गाड़ी तेज रफ्तार में गलत साइड से आई और राहुल की बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राहुल सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया और उसकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमॉर्टम करवाने की कार्रवाई की जा रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static