Kurukshetra : युवक की भाखड़ा नहर में डूबने से मौत, घर से दवा लेने निकला था, परिवार में मचा कोहराम

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 07:54 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में भाखड़ा नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को नहर से निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र जिले के किरमिच गांव के पास नरवाना ब्रांच नहर (भाखड़ा) से शनिवार को एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान रावगढ़ गांव निवासी 33 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी जेब से मिली सरकारी अस्पताल की पर्ची के आधार पर शव की पहचान करवाई।

अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था मृतक

बताया गया है कि संदीप अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था और घर में अकेला रहता था। वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और उसका इलाज कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा था। 13 मार्च को वह दवा लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन जब शाम तक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग उसे तलाश करते रहे। इसी दौरान पुलिस ने सूचना दी कि नहर से एक युवक का शव मिला है, जिसे मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा मोबाइल पर भेजी गई फोटो से उसकी पहचान संदीप के रूप में हुई।

परिजनों ने बताया कि संदीप का किसी से कोई झगड़ा या विवाद नहीं था। उन्हें यह भी नहीं पता कि वह खुद नहर में कूदा या फिर गलती से गिर गया। पुलिस ने भाई के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static