राष्ट्रीय सचिव ओपी धनखड़ ने प्रदेश को बजटीय अनुशासन में संतुलित बजट देने पर जताया मुख्यमंत्री सैनी का आभार
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 08:19 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बतौर वित्त मंत्री वर्ष 2026-27 के लिए दस प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ प्रदेश की समृद्धि और प्रगति का बजट विधानसभा में प्रस्तुत किया है। हर क्षेत्र की प्रगति पर फोकस किया गया बजट है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने शानदार बजट देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया है। धनखड़ ने कहा कि 28 हजार 205 करोड़ रूपये का पूंजीगत व्यय है जो प्रदश्ेा के विकास को नई गति प्रदान करेगा। कृषि क्षेत्र में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए हरियाणा एग्री डिस्कॉम नाम से नया निगम बनाया जाएगा ताकि टयूबलों के कनेक्शन जल्द जारी किए जा सकें।
धनखड़ ने कहा कि बजट में खेती किसानी के हितों का पूरा ध्यान रखा गया है। फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान आधारित योजनाओं का विस्तार किया गया है। देसी कपास , प्राकृतिक व जैविक खेती को बढ़ावा दिया गया है। बागवानी में फलों की खेती खराब होने पर 50 हजार रूपये और मसाले की खेती खराब होने पर 40 हजार रूपये मुवावजा देने का प्रावधान किया गया है।
धनखड़ ने कहा कि गुरूग्राम से झज्जर तक छह लेन का सडक़ मार्ग, झज्जर में खेल स्टेडियम, बहादुरगढ़ के ढा़चागत विकास के लिए अलग बजटीय प्रावधान विशेष सक्षम फंड सहित प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास को गति देने का काम मुख्यमंत्री ने किया है। एआई, फयूचर विभाग, हर जिले में मैडिकल कॉलेज, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में बजट बढ़ोतरी, एक लाख 80 हजार रूपये तक वार्षिक आय वाली बहनों को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ सहित अनेक ऐसे निर्णय लिए हैं, जिनका
हमारी पार्टी ने विधान सभा चुनावों में अपने घोषणा पत्र के माध्यम से जनता से वादा किया था।भाजपा के राष्ट्रीय सचिव धनखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बेहतरीन वित्तीय प्रबंधन करते हुए निवेश को बढ़ावा देने वाला बजट दिया है जो विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ाएगा।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए धनखड़ ने कहा कि मिडिल ईस्ट में युद्ध सभी के लिए चिंता का विषय है। सभी ने युद्ध को रोकने की अपील की है। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में भारतीय नागरिकों को युद्ध क्षेत्र से सुरक्षित निकालने के लिए बड़े स्तर पर कार्य चल रहा है। एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस एक कमजोर शरीर की तरह हो गई है। उन्होंने कहा कि कमजोर शरीर में बीमारियां ज्यादा आती हैं। नेतृत्व की कमजोरी से कांग्रेस और भी कमजोर होगी।
शराब घोटाले और प्लांट आवंटन घोटाले के प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि अभी अंतिम निर्णय नहीं हैं। जांच एजेंसियों को ऊपरी अदालतों में जाने का अधिकार है। बाकि जनता जर्नादन जानती है कि किस तरह शराब कारोबारियों को लाभ पहुंचाया गया और किस को प्लॉट मिले थे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि, जिप चेयरमैन कप्तान बिरधाना, वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश कौशिक, जिला महामंत्री रवि बराही व दया किशन जांगड़ा सहित काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने होली मिलन समारोह में एक दूसरे को होली के पावन पर्व की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बजट संबोधन सुना।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)