विधानसभा गेट के सामने धरने प्रदर्शन की किसी को अनुमति नहीं : हरविंदर कल्याण

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 07:50 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी):  विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कांग्रेस द्वारा विधानसभा गेट पर दिए धरने व प्रदर्शन को लेकर रूलिंग दी है व सख्त तेवर दिखाएं हैं।उन्होंने कहा कि विधानसभा गेट के सामने धरने प्रदर्शन की किसी को अनुमति नहीं है।उन्होंने कहा कि विरोध का अधिकार सबको लेकिन सीमाएं व मर्यादाएं अब के लिए है।  गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के साथ ही कुछ मंत्री और विधायकों को पंजाब विधानसभा के रास्ते सदन में जाना पड़ा।

नायब बोले, प्रदर्शन करना था तो सेक्टर 25 में कर लेते

हरियाणा विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों के धरने के चलते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ ही कुछ मंत्री और विधायकों को पंजाब विधानसभा के रास्ते सदन में जाना पड़ा। कांग्रेस विधायकों के पैदल मार्च पर भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और अर्जुन चौटाला ने सवाल उठाए, जिसके बाद सदन में हंगामा खड़ा हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदर्शन करना था तो सेक्टर 25 में कर लेते। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है। तसल्ली करके ही छोड़ेंगे।

इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर चर्चा के दौरान कहा कि मैं पिछले तीन दिन से देख रहा हूं कि ये जनहित के मुद्दों को रखने के बजाय धरना प्रदर्शन की बात करते हैं। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। अर्जुन चौटाला ने कहा कि इन्होंने रोज तमाशा करना है और शाम को चले जाना है। इस पर कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि मैंने पहला ऐसा विपक्ष देखा है, जो विपक्ष के खिलाफ ही बोलता है। सदन को लेकर इनकी गंभीरता इतनी है कि ये सदन से गायब ही रहते हैं। चाहे तो इनकी सीटिंग की टाइमिंग निकालकर देख लो।

विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज ऐसा कोई भी काम नहीं हुआ है, जो सदन की मर्यादा को खराब करता हो। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि जब सदन चलता है तो एक जगह पर पांच से ज्यादा लोगों का खड़े होना नियमों के विरुद्ध है। यह मुद्दा गंभीर है। आज कई विधायकों को पंजाब विधानसभा के रास्ते आना पड़ा। लोकतंत्र में सबको विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन सबकी सीमाएं हैं। जब भी कोई प्रदर्शन हो तो उसको इस स्तर पर न लेकर आएं कि इससे काम में बाधा पड़े। 

विपक्षी विधायकों का स्पीकर आसन के सामने आना भी उचित नहीं है। इन सब चीजों का ध्यान रखना चाहिए। इस पर हुड्डा ने कहा कि जब कोई ऐसी हरकत करता है तो आप इसका संज्ञान लें। कई बार विधायक उत्तेजित हो जाते हैं। हुड्डा ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री नायब सैनी कह दें कि विधानसभा में आने में दिक्कत हुई तो हम माफी मांगेंगे।

दर्ज हो मुकदमा - कृष्ण लाल पंवार

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि विधानसभा परिसर में जब हमने इनेलो में रहते हुए प्रदर्शन किया था तो हमारे खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था । ऐसे में आज कांग्रेसियों पर भी मुकदमा दर्ज किया जाए। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि आज जाम के चलते मुझे और महीपाल ढांडा को दूसरे रास्ते से विधानसभा में आना पड़ा है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static